नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, पुलिस ने 24 घंटे के भीतर किया खुलासा, चरित्र पर संदेह के चलते गला दबाकर उतारा मौत के घाट. आरोपी पति त्रिलोक गिरफ्तार
Suspicious death of a newlywed woman; police solve the case within 24 hours. She was strangled to death due to suspicions regarding her character. The accused husband, Trilok, has been arrested.
दुर्ग/धमधा : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के धमधा थाना क्षेत्र में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. जांच में सामने आया कि महिला की मौत बीमारी से नहीं बल्कि हत्या के कारण हुई थी. पुलिस ने मामले में मृतिका के पति को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक घरेलू विवाद और पत्नी के चरित्र पर संदेह के चलते पति ने मारपीट कर उसकी हत्या कर दी थी. घटना को छिपाने के लिए आरोपी पति महिला को बीमारी का बहाना बनाकर अस्पताल लेकर पहुंचा था.
अस्पताल से मिली थी संदिग्ध मौत की खबर
जानकारी के अनुसार, 20 सितंबर 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धमधा से नवविवाहिता अन्नू खांडे पति त्रिलोक खांडे की संदिग्ध हालत में मौत होने की खबर पुलिस को मिली थी. महिला नवविवाहिता होने की वजह से पुलिस ने अनुविभागीय दंडाधिकारी धमधा को खबर दी. इसके बाद नायब तहसीलदार की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई की गई. पंचनामा के दौरान मृतिका के सिर पर चोट के निशान पाए गए. जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि
मृतिका के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। डॉक्टरों द्वारा दी गई शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत को होमिसाइडल यानी हत्या जनित बताया गया. इसके बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच आगे बढ़ाई. मृतिका के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की गई. जांच के दौरान पुलिस को पति त्रिलोक खांडे की भूमिका संदिग्ध लगी.
पूछताछ में पति ने कबूला जुर्म
पुलिस पूछताछ में आरोपी पति ने बताया कि उसका पत्नी से घरेलू बातों को लेकर विवाद होता रहता था. आरोपी पत्नी के चरित्र पर भी शक करता था. जांच में यह भी सामने आया कि दोनों के बीच पहले से विवाद चल रहा था. 21 फरवरी 2026 को दोनों तलाक लेने के बारे में धमधा अदालत भी गए थे. इसके बाद पत्नी को मायके छोड़ने के दौरान उसके पिता से मारपीट का मामला भी थाना जामुल में दर्ज कराया गया था.
विवाद के बाद की हत्या
19 सितंबर की रात करीब 11 बजे से 11:30 बजे के बीच आरोपी पति और अन्नू खांडे के बीच फिर विवाद हुआ. आरोप है कि विवाद के दौरान पति ने खाट पर बैठी पत्नी के सिर पर हाथ-मुक्के से हमला किया और उसका गला दबा दिया. जिससे उसकी मौत हो गई. इसके बाद आरोपी ने घटना को सामान्य मौत दिखाने की कोशिश की और महिला को पूर्व बीमारी बताकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धमधा लेकर पहुंच गया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
आरोपी पति गिरफ्तार
जांच में पुख्ता सबूत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी त्रिलोक खांडे उम्र 26 साल निवासी ग्राम अगर, थाना धमधा, जिला दुर्ग को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. दुर्ग पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि पारिवारिक विवाद या हिंसा की स्थिति में फौरन पुलिस को खबर दें. किसी भी घटना को छिपाने या गलत जानकारी देकर जांच को प्रभावित करने का प्रयास न करें. पुलिस ने कहा कि कानून हाथ में लेने के बजाय वैधानिक माध्यम से शिकायत कर मदद करनी चाहिए.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



