दो वॉल्वो बसों में जोरदार टक्कर, कंडक्टर की मौत, छत्तीसगढ़ के 6 यात्री घायल, मची अफरा-तफरी, अस्पताल में इलाज जारी, एक की हालत नाजुक
Two Volvo buses collided violently, killing the conductor and injuring six passengers from Chhattisgarh, causing widespread panic. Hospital treatment continues, with one in critical condition.
सुजानपुर : पठानकोट-जम्मू नेशनल हाईवे पर बीती रात एक भीषण सड़क हादसे में बस कंडक्टर की मौत हो गई. जबकि आधा दर्जन से ज्यादा यात्री घायल हो गए. यह हादसा देर रात करीब दो बजे पुल नंबर 1 के पास हुआ. जहां दो बसों की आमने-सामने टक्कर हो गई. जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. यह हादसा माधोपुर के पास डिफेंस रोड पर NH-44 ढाबे के सामने हुआ.
मिली जानकारी के मुताबिक एक वॉल्वो बस गलत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही थी. जिस वजह से उसकी टक्कर सामने से आ रही दूसरी वॉल्वो बस से हो गई. इस हादसे के बाद दोनों बसें बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं. हादसे में बस कंडक्टर बलवंत सिंह निवासी अमृतसर की मौत हो गई. हादसे में घायल यात्रियों में छत्तीसगढ़ के गुरप्रीत कौर, राजेंद्र कौर, जुझार सिंह सहित अन्य यात्री शामिल हैं. इसके अलावा पश्चिम बंगाल के मोहम्मद खनित और जम्मू के अर्जुन सिंह भी घायल हुए हैं. जिनमें से कुछ को गहरी चोटें आई हैं. जबकि अन्य को मामूली चोटें आई हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए प्राइवेट अस्पतालों में भर्ती कराया गया.
टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों बसों के अगले हिस्से को गंभीर नुकसान पहुंचा. जिससे अंदर बैठे यात्रियों को गंभीर चोटें आईं. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरु किया. सरकारी एंबुलेंस की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. कुछ घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है.
खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया. इसके बाद यातायात को बहाल करने के लिए क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. हादसे के कारणों की बारीकी से पड़ताल की जा रही है. जिसमें ओवरस्पीडिंग और गलत दिशा में वाहन चलाने जैसे पहलुओं को मुख्य रुप से जांचा जा रहा है.
इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा के मुद्दे को उजागर किया है. सड़क पर बढ़ती हादसों की वजह में तेज रफ्तार और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन प्रमुख हैं. ऐसे में जरुरी है कि सभी सड़क उपयोगकर्ता सतर्क रहें और नियमों का पालन करें.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



