साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, म्यूल अकाउंट से ठगी करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, 101 पासबुक, 35 एटीएम, 28 चेकबुक और एक लाख 36 हजार जब्त

Cyber ​​fraud gang busted, 3 accused arrested for mule account fraud, 101 passbooks, 35 ATMs, 28 cheque books and Rs 1.36 lakh seized.

साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, म्यूल अकाउंट से ठगी करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, 101 पासबुक, 35 एटीएम, 28 चेकबुक और एक लाख 36 हजार जब्त

सरगुजा : सरगुजा पुलिस ने म्यूल अकाउंट फ्रॉड में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में उत्तरप्रदेश निवासी राहुल गुप्ता (20), आशुतोष शर्मा (23) और विकास किर्तनिया (26) शामिल हैं. ये लोग अंबिकापुर में रहकर ऑनलाइन ठगी के जरिए पैसों की अवैध लेन-देन कर रहे थे. पुलिस ने आरोपियों के पास से दर्जनों पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड और कुल 1 लाख 36 हजार रुपए बरामद किया है. यह मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक 19 मार्च को मुखबिर से खबर मिली कि राहुल गुप्ता थाने के सामने स्थित एसबीआई बनारस रोड शाखा में किराए के मकान में रहकर युवकों को पैसे देकर उनके नाम से नया सिम और बैंक खाता खुलवाता था. इन खातों का इस्तेमाल म्यूल अकाउंट के जरिए ऑनलाइन फ्रॉड के लिए किया जा रहा था.
सीएसपी राहुल बंसल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाने के सामने स्टेट बैंक बिल्डिंग के सेकेंड फ्लोर पर छापेमारी की. छापेमारी के दौरान राहुल गुप्ता को गिरफ्तार किया गया. उसके पास से 101 पासबुक, 35 एटीएम कार्ड, 28 चेकबुक, 3 मोबाइल और 1 लाख 36 हजार रुपए जब्त किए गए.
पुलिस ने बैंक खातों की जांच पोर्टल के जरिए की. जिसमें पता चला कि इन म्यूल अकाउंट में लाखों रुपए जमा किए गए थे. पूछताछ में राहुल गुप्ता ने कबूल किया कि वह अपने साथियों आशुतोष शर्मा और विकास किर्तनिया के साथ मिलकर युवकों को कमीशन का लालच देकर उनके नाम से बैंक खाते खोलवाते थे और उन खातों में ऑनलाइन ठगी की राशि जमा कराते थे. इसके बाद यह रकम अलग-अलग तरीके से दुसरे खातों में ट्रांसफर की जाती थी.
पुलिस ने अन्य दो साथियों को भी गिरफ्तार किया. आशुतोष शर्मा 23 वर्षीय निवासी गोधनपुर और विकास किर्तनिया 26 वर्षीय निवासी चठिरमा को आरोप के साथ हिरासत में लिया गया. गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4), 317(4), 61(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई.
सीएसपी राहुल बंसल ने बताया कि जब्त बैंक खातों में हुए लेन-देन का डिटेल निकाला जा रहा है. शुरुआती जांच में यह पता चला है कि इन खातों में ऑनलाइन फ्रॉड के लाखों रुपए जमा किए गए थे. पुलिस आगे की कार्रवाई में इस गिरोह द्वारा किए गए सभी लेन-देन का क्रमिक रूप से पता लगाएगी और सभी संबंधित अपराधियों को पकड़ने के लिए अभियान जारी रखा जाएगा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB