रेलवे ट्रैक के किनारे से यात्री पर हमला, चलती ट्रेन में मोबाइल लूट की कोशिश में गई 25 वर्षीय युवक की जान, पुलिस की हिरासत में दो नाबालिग, पूछताछ जारी

A 25-year-old man lost his life after being attacked from alongside the railway tracks during an attempted mobile phone robbery on a moving train; two minors are in police custody, and questioning is underway.

रेलवे ट्रैक के किनारे से यात्री पर हमला, चलती ट्रेन में मोबाइल लूट की कोशिश में गई 25 वर्षीय युवक की जान, पुलिस की हिरासत में दो नाबालिग, पूछताछ जारी

दुर्ग : रेल यात्रा के दौरान मोबाइल फोन और कीमती सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहना बेहद जरूरी है. छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सामने आई एक दर्दनाक घटना ने रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. इंटरसिटी एक्सप्रेस में सफर कर रहे महाराष्ट्र के एक युवक की मोबाइल लूटने की कोशिश के दौरान चलती ट्रेन से गिरकर मौत हो गई. खुर्सीपार पुलिस ने मामले की जांच करते हुए वारदात में कथित रूप से शामिल दो नाबालिगों को हिरासत में लिया है. इस घटना के बाद पुलिस ने रेल यात्रियों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है.
मिली जानकारी के मुताबिक 27 नवंबर को सुबह करीब 11:45 बजे शिवाजी नगर रेलवे लाइन के पास ट्रेन नम्बर 12856 इंटरसिटी एक्सप्रेस में महाराष्ट्र के अमरावती जिले के अंजनगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सुरजी निवासी मोहम्मद फैजान उर्फ सोनू उम्र 25 साल सफर कर रहा था. इसी दौरान रेलवे ट्रैक के किनारे खड़े होकर गुजरती ट्रेन पर दो नाबालिग लड़कों ने उसका मोबाइल फोन छीनने की कोशिश की.
पुलिस जांच के मुताबिक मोबाइल छीनने की कोशिश के दौरान एक नाबालिग ने युवक को मारा. जबकि दूसरे ने डंडे से हमला किया. इस दौरान युवक चलती ट्रेन से नीचे गिर गया. हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं. गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए सुपेला अस्पताल पहुंचाया गया. लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
जांच में सामने आई दो नाबालिगों की संलिप्तता
मामले की जानकारी मिलने के बाद खुर्सीपार थाना पुलिस ने मौके का मुआयना किया. मौके से मिले सबूतों और मिली जानकारियों के आधार पर मामले की जांच शुरू की गई. जांच के दौरान दो नाबालिग लड़कों की कथित संलिप्तता सामने आई. जिसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया.
पुलिस की जांच में सामने आया कि दोनों नाबालिग गुजरती ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को मोबाइल लूटने के उद्देश्य से निशाना बनाते थे. इसी तरह की एक कोशिश में 25 साल के मोहम्मद फैजान की जान चली गई. पुलिस ने मामले में जुर्म दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है.
खिड़की या दरवाजे के मोबाइल चलाना जोखिमपूर्ण
दुर्ग में हुई यह घटना रेल यात्रियों के लिए एक गंभीर चेतावनी है. ट्रेन में सफर के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल करना सामान्य बात है. लेकिन खिड़की या दरवाजे के पास असावधानी बरतना जोखिमपूर्ण हो सकता है. ऐसी हालात में यात्रियों को अपने सामान से अधिक व्यक्तिगत सुरक्षा को प्राथमिकता देनी चाहिए. मोबाइल फोन या अन्य कीमती वस्तु छीनने की कोशिश होने पर चलती ट्रेन से बाहर झुकना या किसी से संघर्ष करना जानलेवा साबित हो सकता है. ऐसी स्थिति में फौरन ट्रेन में मौजूद सुरक्षाकर्मियों या रेलवे पुलिस को खबर देना ज्यादा सुरक्षित विकल्प है.
दुर्ग पुलिस ने यात्रियों से की सतर्क रहने की अपील
घटना के बाद दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों और रेल यात्रियों से यात्रा के दौरान सावधानी बरतने का आग्रह किया है. पुलिस ने कहा है कि चलती ट्रेन की खिड़की के पास मोबाइल फोन या अन्य मूल्यवान वस्तुओं को बाहर की ओर न रखें. रेलवे लाइन के आसपास किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर फौरन रेलवे पुलिस या स्थानीय पुलिस को खबर करें.
दुर्ग की यह घटना बताती है कि रेल यात्रा के दौरान सुरक्षा संबंधी सावधानियों को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए. वहीं, यात्रियों को निशाना बनाने वाली आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम और रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की जरुरत भी इस घटना से रेखांकित होती है.
रेल यात्री इन बातों का रखें विशेष ध्यान
चलती ट्रेन की खिड़की से मोबाइल फोन बाहर न निकालें
ट्रेन के दरवाजे पर खड़े होकर मोबाइल का इस्तेमाल न करें
मोबाइल या कीमती सामान छीनने पर अपनी जान जोखिम में न डालें
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल सुरक्षाकर्मियों को दें
रेलवे संबंधी सहायता के लिए 139 पर संपर्क करें
आपातकालीन स्थिति में 112 पर सहायता मांगें
बच्चों और बुजुर्ग यात्रियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें
याद रखें, मोबाइल फोन दोबारा खरीदा जा सकता है, लेकिन जिंदगी अनमोल है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb