खाना नहीं बनाने पर पत्नी की बेरहमी से हत्या, पुलिस को किया गुमराह, आरोपी पति राजकुमार गिरफ्तार, टंगिया, छुरी और तीर जब्त, PM रिपोर्ट से खुलासा

Wife brutally murdered for failing to cook a meal; accused husband Rajkumar arrested after attempting to mislead the police; an axe, a knife, and an arrow seized; facts revealed through post-mortem report.

खाना नहीं बनाने पर पत्नी की बेरहमी से हत्या, पुलिस को किया गुमराह, आरोपी पति राजकुमार गिरफ्तार, टंगिया, छुरी और तीर जब्त, PM रिपोर्ट से खुलासा

धमतरी : घरेलू विवाद ने एक परिवार को उजाड़ दिया. खाना नहीं बनाने की बात को लेकर हुए विवाद में पति ने अपनी पत्नी पर टंगिया, छुरी, तीर और प्लास्टिक पाइप से हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की. लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी सबूतों के आधार पर धमतरी पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया. घटना केरेगांव थाना क्षेत्र के ग्राम बाहनापथरा (कांटाकुर्रीडीह) की है.
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम कांटाकुर्रीडीह के कोटवार हीरासिंग देवदास ने खबर दी थी कि बाहनापथरा कमार डेरा निवासी सत्या बाई कमार अपने घर की परछी में मृत हालत में पड़ी हैं. उनके माथे, ठुड्डी, भुजा और पैरों सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोट के निशान थे. खबर मिलते ही केरेगांव पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरु की.
शुरुआती पूछताछ में मृतका के पति राजकुमार कमार ने पुलिस को बताया कि 25 नवंबर की शाम करीब 7 बजे वह स्टॉप डैम में मछली पकड़ने का जाल देखने गया था. रात करीब 8 बजे घर लौटने पर पत्नी को घायल हालत में पाया। जिसके कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई. आरोपी की इस कहानी पर पुलिस ने शक जताते हुए मामले की गहराई से जांच शुरू की.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोली हत्या की परतें
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल धमतरी में कराया. शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने धारदार एवं वजनी वस्तु से शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोट पहुंचने को मौत की वजह बताया. इससे मामला हत्या का होना साफ हुआ.
इसके बाद पुलिस ने सरपंच सत्यवान ध्रुव, कोटवार हीरासिंग देवदास के बयान और घटनास्थल से मिले सबूतों का बारीकी से मुआयना किया. शक के आधार पर मृतका के पति राजकुमार कमार से दोबारा पूछताछ की गई. पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि 25 नवंबर की रात खाना नहीं बनाने की बात को लेकर उसका पत्नी के साथ विवाद हुआ था. इसी दौरान आक्रोश में आकर उसने टंगिया, छुरी, तीर और प्लास्टिक पाइप से पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई.
झाड़ियों में छिपाकर रखे थे हत्या के हथियार
आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घर से कुछ दूरी पर सड़क किनारे सफेद बबूल के पेड़ के नीचे झाड़ियों में छिपाकर रखे गए हथियार बरामद किए. इनमें एक लोहे की टंगिया, एक छुरी और एक तीर शामिल हैं. तीनों हथियारों पर खून जैसे दाग पाए गए हैं.
पुलिस ने आरोपी राजकुमार कमार पिता स्व बालाराम कमार उम्र 37 साल निवासी ग्राम बाहनापथरा को अपराध क्रमांक 28/2026, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत गिरफ्तार किया. अदालत में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb