परिवार को खत्म करने की धमकी, पोती को बनाया ब्लैकमेल का हथियार, दादा से ऐंठा 14.50 लाख नकद और 450 ग्राम सोना, 4 शातिर आरोपी गिरफ्तार
Threats to wipe out the family, granddaughter used as a tool for blackmail, ₹14.50 lakh in cash and 450 grams of gold extorted from the grandfather—four cunning accused arrested.
बिलासपुर/सरकंडा : बिलासपुर जिला के सरकंडा थाना क्षेत्र में रिश्तों के भरोसे का बेरहमी से फायदा उठाकर एक परिवार से लाखों रुपये और सैकड़ों ग्राम सोने के जेवरात हड़पने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोपियों ने घर की युवती को लंबे समय तक जान से मारने और परिवार के छोटे बच्चों का एक्सीडेंट कराने की धमकी देकर इतना डरा दिया कि करीब डेढ़ साल तक उससे किश्तों में 14.50 लाख रुपये और करीब 450 ग्राम सोने के जेवर अपने कब्जे में करा लिए. मामले का खुलासा होने के बाद सरकंडा पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि दो आरोपी अभी फरार हैं.
मिली जानकारी के मुताबिक राजीव विहार निवासी प्रार्थी ने शिकायत दर्ज कराई कि बीमार रहने की वजह से उन्होंने बैंक संबंधी कार्य और लॉकर की चाबी अपनी नातिन को सौंप रखी थी. इसी दौरान जनवरी 2025 से आरोपी आयुष यादव और उसके साथियों ने युवती को अपने जाल में फंसाकर लगातार धमकाना शुरू कर दिया.
आरोपियों ने परिवार के सदस्यों और छोटे बच्चों की हत्या और सड़क एक्सीडेंट कराने की धमकी देकर युवती को मानसिक रूप से इतना डरा दिया कि वह उनके कहने पर बैंक खातों से रकम निकालकर और ऑनलाइन ट्रांसफर कर उन्हें देती रही.
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने एसबीआई और सहकारी बैंक खातों से एटीएम और फोन पे के जरिए अलग-अलग किश्तों में 14 लाख 50 हजार रुपये हासिल किए. इतना ही नहीं, युवती को आर.आर. रिसॉर्ट के पास बुलाकर घर के लॉकर में रखे करीब 450 ग्राम सोने के जेवर हार, चेन, अंगूठी, झुमके और टीका भी अपने कब्जे में ले लिए.
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की. जहां उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
आरोपियों के कब्जे से 40 हजार रुपये नकद, सोने जैसे पीले धातु की दो अंगूठियां, एक चेन, मोबाइल फोन और जुर्म की रकम से खरीदी गई एक एक्टिवा जब्त की गई है. पुलिस ने सभी चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया. जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.
गिरफ्तार आरोपियों में आयुष यादव उम्र 22 साल निवासी मोपका विवेकानंद नगर, आदर्श शर्मा उम्र 19 साल और प्रिंस साहू उम्र 18 साल निवासी दीनदयाल कॉलोनी बहतराई और आदित्य पांडे उम्र 19 साल निवासी आर.के. नगर शामिल हैं. वहीं, इस मामले में प्रियम शर्मा और शौर्य करोलिया अभी फरार हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.
यह मामला सिर्फ आर्थिक अपराध नहीं, बल्कि भय, ब्लैकमेल और मानसिक प्रताड़ना के जरिए पूरे परिवार को लंबे समय तक बंधक बनाए रखने की गंभीर साजिश को भी उजागर करता है. सरकंडा पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने हड़पी गई नकदी और जेवरात का कितना हिस्सा खर्च कर दिया और कहीं इस वारदात में अन्य लोगों की भी भूमिका तो नहीं है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



