घर में घुसकर एक वर्षीय बच्चे का अपहरण, मां को धमकाकर जबरन ले गया आरोपी, 5 घंटे में नागपुर से बरामद, हिरासत में पूर्व प्रेमी पवन साहू, बाइक जप्त

One-year-old child abducted after the accused barged into the house and forcibly took the child while threatening the mother; recovered from Nagpur within five hours; ex-boyfriend Pawan Sahu taken into custody, and the motorcycle seized.

घर में घुसकर एक वर्षीय बच्चे का अपहरण, मां को धमकाकर जबरन ले गया आरोपी, 5 घंटे में नागपुर से बरामद, हिरासत में पूर्व प्रेमी पवन साहू, बाइक जप्त

रायपुर : राजधानी के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र से कथित रुप से जबरदस्ती ले जाए गए एक साल दो महीने के मासूम बच्चे को रायपुर पुलिस ने करीब पांच घंटे के भीतर महाराष्ट्र के नागपुर से सकुशल बरामद कर लिया. पुलिस ने मामले में आरोपी पवन साहू को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया है. उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई रॉयल एनफील्ड क्लासिक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है. बच्चे को सुरक्षित उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक 22 सितंबर 2026 को गुढ़ियारी थाने में एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि दोपहर करीब दो बजे गुढ़ियारी के कलिंग नगर में पड़ोसी और पूर्व प्रेमी पवन साहू उसके घर में घुस आया और कथित रूप से गाली-गलौज और धमकी देने के बाद उसके एक साल के बच्चे पृथ्वी ध्रुव को जबरन अपने साथ लेकर चला गया.  आरोपी लोहे की पाइप लेकर घर में घुसा और महिला पर साथ चलने का दबाव बनाया. महिला ने जाने से इनकार किया तो उसने गाली-गलौज शुरू कर दी. पवन बच्चे को उठाकर घर से बाहर निकल गया और वहां से फरार हो गया.
मामला छोटे बच्चे से जुड़ा होने की वजह से पुलिस ने शिकायत मिलते ही जुर्म दर्ज कर आरोपी और बालक की तलाश शुरू की. घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को भी दी गई और अलग-अलग स्तर पर पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया.
नागपुर की तरफ जाने की मिली जानकारी
पुलिस के मुताबिक जांच और पतासाजी के दौरान जानकारी मिली कि आरोपी बच्चे को अपने साथ लेकर महाराष्ट्र के नागपुर की तरफ गया है. खबर के आधार पर गुढ़ियारी पुलिस की टीम उमरेड, नागपुर के लिए रवाना हुई. टीम ने आरोपी की तलाश में लगातार पतासाजी की और मिली खबर के आधार पर उसकी लोकेशन तक पहुंचने का प्रयास किया. पुलिस का दावा है कि घटना की खबर मिलने के करीब पांच घंटे के भीतर टीम उमरेड पहुंच गई और आरोपी पवन साहू को हिरासत में ले लिया.
एक साल का बच्चा सुरक्षित मिला
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक साल के मासूम बच्चे को सकुशल बरामद किया. इसके बाद जरुरी प्रक्रिया पूरी कर बच्चे को सुरक्षित उसकी मां के सुपुर्द किया गया. बच्चे के सुरक्षित मिलने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली. पुलिस ने आरोपी पवन साहू को विधिवत गिरफ्तार किया है. उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई रॉयल एनफील्ड क्लासिक मोटरसाइकिल नम्बर CG 04 PS 0520 भी जब्त की गई है. मामले में आगे की जांच जारी है.
अगस्त में बच्चे को लेकर नागपुर गई थी महिला
महिला ने पुलिस को बताया कि पवन साहू उसके पड़ोस में रहता है और करीब एक साल से उसकी पहचान थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए थे. अगस्त में वह अपने छोटे बेटे को साथ लेकर पवन के साथ नागपुर चली गई थी. वह वहां पवन की नानी के घर करीब 20 दिन तक रही. बाद में रिश्तेदारों के बुलाने पर वह रायपुर लौट आई और अपने पति के साथ रहने लगी. पिछले एक महीने से वह पति और दोनों बच्चों के साथ कलिंग नगर स्थित घर में रह रही थी.
बच्चे को देखकर मां ने ली राहत की सांस
महिला ने बताया कि बच्चे को ले जाए जाने के बाद पूरा परिवार बेहद परेशान था. कुछ ही घंटों में बच्चे के सुरक्षित वापस आने से परिवार को बड़ी राहत मिली है. महिला ने पुलिस की कार्रवाई के लिए धन्यवाद देते हुए एक वीडियो संदेश भी साझा किया है. पुलिस का कहना है कि खबर मिलने के बाद फौरन कार्रवाई और लगातार पतासाजी की वजह सेबच्चे तक जल्द पहुंचना संभव हुआ. फिलहाल आरोपी से जुड़े मामले में आगे की जांच जारी है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?