महानदी पुल हादसे में ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष की मौत के बाद घायल सुनील जैन की इलाज के दौरान गई जान, नवापारा नगर में पसरा मातम
After the death of the Brahmin community president in the Mahanadi bridge accident, injured Sunil Jain also passed away during treatment; mourning has gripped the town of Nawapara.
रायपुर/नवापारा : रायपुर जिला के गोबरा नवापारा के महानदी पुल पर मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल सुनील कुमार जैन (कटनी वाले) की इलाज के दौरान मौत हो गई. हादसे के बाद गंभीर हालत में उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया था. जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. एक दिन पहले ही इसी हादसे में गंभीर रूप से घायल देवेंद्र उर्फ गुड्डू शर्मा की भी नवापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के दौरान मौत हो गई थी. इस तरह हादसे में अब दो लोगों की जान जा चुकी है.
मिली जानकारी के मुताबिक राजिम निवासी देवेंद्र उर्फ गुड्डू शर्मा और सुनील कुमार जैन बाइक से नवापारा से राजिम की तरफ जा रहे थे. बाइक सुनील कुमार जैन चला रहे थे. दोनों जैसे ही राजिम महानदी पुल पर पहुंचे. उसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों सवार अलग-अलग दिशाओं में जा गिरे. हादसे में देवेंद्र शर्मा पुल से नीचे जा गिरे. जबकि सुनील जैन पुल पर दूर जा गिरे. अचानक हुए हादसे से पुल पर अफरा-तफरी मच गई और मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए.
पहले देवेंद्र, अब सुनील ने भी तोड़ा दम
हादसे के बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल देवेंद्र शर्मा को नवापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया. लेकिन गंभीर चोटों की वजह से इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. वहीं सुनील कुमार जैन को भी अस्पताल पहुंचाया गया था. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालात को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें रायपुर रेफर कर दिया था.
परिजनों ने उन्हें रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा था. लेकिन गंभीर चोटों के चलते आज सुनील कुमार जैन ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
जैन समाज और नवापारा में पसरा मातम
सुनील कुमार जैन के निधन की खबर जैसे ही नवापारा पहुंची, जैन समाज और नगर में शोक की लहर दौड़ गई. बड़ी तादाद में समाजजन और नगरवासी परिजनों एवं परिचितों से मिलने पहुंचे और उन्हें ढांढस बंधाया.
हादसे के बाद पुलिस ने पिकअप चालक को गिरफ्तार कर लिया है. चालक की पहचान बिशेषर कांवडे, निवासी सांकरा के रूप में हुई है. पुलिस ने हादसे की परिस्थितियों और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



