पाण्डुका में गड़े मुर्दे उखड़े तो सामने आया सनसनीखेज मामला!, 4 दिन बाद कब्र खोदकर निकाला गया महिला का शव, मायके पक्ष ने जताई हत्या की आशंका

A sensational case has come to light after a buried body was exhumed in Panduka; the woman's body was dug up four days after burial, and her maternal family suspects murder.

पाण्डुका में गड़े मुर्दे उखड़े तो सामने आया सनसनीखेज मामला!, 4 दिन बाद कब्र खोदकर निकाला गया महिला का शव, मायके पक्ष ने जताई हत्या की आशंका

गरियाबंद/राजिम : गरियाबंद जिले के पाण्डुका थाना क्षेत्र के ग्राम तर्रा में 34 साल की महिला बबीता नवरंगे की संदिग्ध हालत में हुई मौत का मामला अब गंभीर मोड़ पर पहुंच गया है. अंतिम संस्कार के बाद मायके पक्ष द्वारा मौत पर शक जताते हुए पुलिस में शिकायत किए जाने के बाद करीब चार दिन बाद महिला का दफन शव दोबारा बाहर निकाला गया. तहसीलदार की निगरानी में पुलिस और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.
मिली जानकारी के मुताबिक बबीता नवरंगे की मौत 16 और 17 सितंबर की दरमियानी रात हुई थी. मृतका का मायका मचेवा, महासमुंद बताया गया है. जबकि उसका ससुराल ग्राम तर्रा में है. परिजनों के मुताबिक घटना से एक दिन पहले 16 सितंबर को बबीता को उसके भाई प्रदीप बंजारे ने घर छोड़ा था. इसके बाद रात करीब 2 बजे परिजनों को फोन के जरिए उसकी मौत की जानकारी मिली. अचानक हुई मौत की खबर और हालात को लेकर मायके पक्ष ने शक जताते हुए पुलिस से जांच की मांग की.
मायके पक्ष का आरोप है कि बबीता को शाम के समय ही घर छोड़ा गया था और कुछ ही घंटों बाद उसकी मौत की खबर मिली. परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है. परिजनों के मुताबिक मृतका के मुंह से खून निकलने और कपड़ों पर मल लगे होने की बात भी सामने आई है. हालांकि इन हालात की असल वजह पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही साफ हो सकेगी.
9 साल पहले हुई थी शादी, 7 साल की बच्ची भी
बताया गया है कि बबीता नवरंगे की शादी करीब 9 साल पहले मनोज नवरंगे से हुई थी. उनकी एक 7 साल की बेटी भी है. मायके पक्ष ने मौत के हालात को लेकर कई तरह के सवाल उठाए हैं.
2019 में पति के खिलाफ दर्ज हुआ था मारपीट का मामला
मायके पक्ष से मिली जानकारी के मुताबिक वर्ष 2019 में मारपीट के मामले को लेकर बबीता के पति मनोज नवरंगे के खिलाफ पाण्डुका थाने में मामला दर्ज हुआ था. इस पुराने मामले का वर्तमान मौत की घटना से क्या संबंध है, यह पुलिस जांच का विषय है.
अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
महिला के शव को अंतिम संस्कार के बाद दोबारा बाहर निकालना इस पूरे मामले को गंभीर बना दिया है. तहसीलदार की मौजूदगी में फॉरेंसिक टीम और पुलिस की निगरानी में शव निकाला गया. अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि बबीता नवरंगे की मौत किन हालात में हुई.
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. मायके पक्ष के आरोप सही हैं या मौत के पीछे कोई दूसरी वजह है, इसका खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?