गुंडागर्दी पड़ी भारी: हाईवा चालक पर पिस्टल से हवाई फायर कर मोबाइल लूटा, बीआरसी श्यामलाल साहू की सेवा खत्म, सहायक समन्वयक राजेश अंबस्थ सस्पेंड
High-handedness proves costly: Mobile phone snatched from a Hyva truck driver after firing a pistol in the air; services of BRC Shyamlal Sahu terminated, and Assistant Coordinator Rajesh Ambasth suspended.
जशपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह जिला जशपुर में हाईवा चालक का रास्ता रोककर पिस्टल से कथित रुप से हवाई फायर करने और मोबाइल लूटने के मामले में जशपुर जिला प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की. कलेक्टर रोहित व्यास ने आरोपित बीआरसीसी श्यामलाल साहू की सेवा तत्काल प्रभाव से खत्म कर दी. वहीं मामले में दूसरे आरोपी राजीव गांधी शिक्षा मिशन के सहायक कार्यक्रम समन्वयक राजेश अंबस्थ को सस्पेंड कर दिया गया है.
गुंडागर्दी पड़ी भारी, एक की सेवा खत्म, दूसरा सस्पेंड
घटना 19 सितंबर को सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र की खड़गवां पुलिस चौकी अंतर्गत रामेश्वरमुड़ा जंगल के पास हुई थी. पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक राजेश अंबस्थ और श्यामलाल साहू किसी काम से अपनी प्राइवेट कार से अंबिकापुर गए थे. वापसी के दौरान रामेश्वरमुड़ा जंगल के पास आरोपितों ने कथित तौर पर अपनी कार हाईवा के सामने अड़ाकर चालक शिव प्रसाद का रास्ता रोक लिया. इसके बाद उसके साथ दुर्व्यवहार करते हुए उसे हाईवा से नीचे उतरने के लिए कहा गया. आरोप है कि चालक के वाहन से नीचे नहीं उतरने पर दोनों ने पिस्टल से दो हवाई फायर किया. इसके बाद चालक को डराने-धमकाने के बाद उसका मोबाइल फोन छीन लिया गया.
खड़गवां पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज
घटना के बाद पीड़ित हाईवा चालक ने खड़गवां पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ बीएनएस की धारा 309 (7) और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 और 30 के तहत जुर्म दर्ज किया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. कलेक्टर रोहित व्यास द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि श्यामलाल साहू का मूल पद फरसाबहार विकासखंड के संकुल केंद्र में समन्वयक का संविदा पद पदस्थ था. वर्तमान में वह जिला राजीव गांधी समग्र शिक्षा कार्यालय में बीआरसीसी के रुप में संलग्न था. आपराधिक प्रकरण में गिरफ्तारी और कर्मचारी के आचरण को सिविल सेवा आचरण संहिता के विपरीत मानते हुए कलेक्टर ने उसकी संविदा सेवा तत्काल प्रभाव से खत्म करने की कार्रवाई की
राजीव गांधी शिक्षा मिशन
दूसरे आरोपी राजेश अंबस्थ राजीव गांधी शिक्षा मिशन में सहायक कार्यक्रम समन्वयक के पद पर पदस्थ था. उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई का अधिकार संबंधित शिक्षा विभाग के पास होने के कारण कलेक्टर ने संयुक्त संचालक, शिक्षा विभाग, अंबिकापुर को निलंबन की अनुशंसा भेजी. जिसके बाद कार्रवाई करते हुए उसे सस्पेंड कर दिया गया.
पुलिस प्रतिवेदन के आधार पर प्रशासन की कार्रवाई
घटना के बाद पुलिस विभाग ने दोनों शासकीय कर्मचारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई और मामले से संबंधित प्रतिवेदन जशपुर जिला प्रशासन को भेजा था. पुलिस से मिले प्रतिवेदन और मामले में हुई गिरफ्तारी के आधार पर कलेक्टर रोहित व्यास ने श्यामलाल साहू के खिलाफ सेवा समाप्ति का आदेश जारी किया.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



