जमीन पर सो रही दो बहनों की बिगड़ी तबीयत, 13 वर्षीय नीशू की मौत, छह साल की छोटी बहन अस्पताल में भर्ती, जहरीले जंतु के काटने की आशंका
Two sisters sleeping on the floor fell ill; 13-year-old Neeshu died, while her six-year-old sister has been hospitalized; a bite by a venomous creature is suspected.
बिलासपुर/सीपत : बिलासपुर जिला में सीपत थाना क्षेत्र के खैरा-लगरा गांव में एक दर्दनाक घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। घर में जमीन पर सो रही दो सगी बहनों की देर रात अचानक तबीयत बिगड़ गई. दोनों को अस्पताल ले जाया गया. जहां इलाज के दौरान 13 साल की बड़ी बहन नीशू की मौत हो गई. वहीं छह साल की छोटी बहन तेजस्वनी की हालत को देखते हुए उसे प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां उसका इलाज जारी है. दोनों बहनों की अचानक तबीयत बिगड़ने के पीछे जहरीले जंतु के काटने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है.
मिली जानकारी के मुताबिक खैरा-लगरा निवासी प्यारेलाल गोंड ड्राइवर हैं. गुरुवार रात उनकी बेटियां नीशू और तेजस्वनी घर में जमीन पर सो रही थीं. रात करीब एक बजे नीशू ने पेट में दर्द होने की शिकायत की. कुछ ही देर में उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी. इसी दौरान छोटी बहन तेजस्वनी की तबीयत भी खराब हो गई.
परिजनों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया. जहां चिकित्सकों ने नीशू की हालत नाजुक बताई। इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. नीशू छठवीं कक्षा में पढ़ती थी. जबकि तेजस्वनी पहली कक्षा की छात्रा है. एक ही रात में परिवार की बड़ी बेटी को खोने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. शुक्रवार सुबह नीशू के शव का पोस्टमार्टम कराया गया. इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
बताया जा रहा है कि दोनों बच्चियां जमीन पर सो रही थीं और अचानक पेट दर्द के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी. ऐसे में किसी जहरीले जंतु के काटने की आशंका सामने आई है. हालांकि पुलिस और चिकित्सकीय जांच में अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है. नीशू की मौत की असल वजह का पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही खुलासा हो सकेगा। सीपत पुलिस मामले की जांच कर रही है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



