सागौन चिरान का अवैध परिवहन करते गश्त के दौरान पकड़े गए दो लोग, दस्तावेज नहीं दिखा सके तो बाइक समेत लकड़ी जब्त, वन विभाग ने की कार्रवाई
Two individuals were caught transporting sawn teak wood illegally during a patrol; the wood and their motorcycle were seized after they failed to produce documents, and the Forest Department took action.
गरियाबंद/देवभोग : गरियाबंद जिले में वन संपदा की सुरक्षा के लिए वन विभाग की गश्त के दौरान सागौन चिरान के अवैध परिवहन का मामला सामने आया है. वन परिक्षेत्र इंदागांव (देवभोग) के धुपकोट परिसर अंतर्गत ग्राम सुकलीभांटा के पास विभागीय टीम ने मोटरसाइकिल पर सागौन की लकड़ी ले जा रहे दो लोगों को पकड़ा। मौके से दो नग सागौन चिरान और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल जब्त की गई है.
गश्त के दौरान पकड़े गए दो लोग
वन विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक 26 सितंबर 2026 को शाम करीब 6 बजे वन परिक्षेत्र इंदागांव के धुपकोट परिसर में नियमित गश्त की जा रही थी. इसी दौरान ग्राम सुकलीभांटा के पास धुपकोट निवासी रंचन उर्फ पूरून यादव और चरण उर्फ भागीरथी यादव मोटरसाइकिल नम्बर CG 23 N 0208 पर दो नग सागौन चिरान लादकर ले जाते हुए मिले.
वैध दस्तावेज नहीं दिखाने पर जब्ती
गश्ती दल ने मोटरसाइकिल को रोककर सागौन चिरान के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज पेश करने को कहा. लेकिन दोनों व्यक्ति मौके पर जरूरी दस्तावेज पेश नहीं कर सके. इसके बाद वन विभाग की टीम ने नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई की.
वन विभाग की टीम ने की कार्रवाई
इस कार्रवाई में सहायक परिक्षेत्र अधिकारी देवभोग दिनेश चन्द्र पात्र के साथ वन रक्षक धुपकोट पुरुषोत्तम ध्रुवा, वन रक्षक घुमरगुड़ा लम्बोदर सोरी, वानिकी चौकीदार भोलाराम यदू, दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी रुद्रास नागेश और परमेश्वर नागेश शामिल रहे.
जब्त लकड़ी और बाइक कार्यालय लाए गए
कार्रवाई के बाद जब्त किए गए दो नग सागौन चिरान और मोटरसाइकिल को वन परिक्षेत्र कार्यालय देवभोग लाया गया. मामले में वन विभाग द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. क्षेत्र में वन संपदा की सुरक्षा और अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए गश्त जारी है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



