आदिवासी महिला सरपंच पर चुनाव की रंजिश के चलते जानलेवा हमला, पुलिस पर लगे गंभीर आरोप, शिकायत के बाद भी कार्रवाई के नाम पर मिला आश्वासन
A tribal woman sarpanch was attacked due to an election rivalry, and serious allegations were leveled against the police. Despite the complaint, only assurances were given in the name of action.
कबीरधाम : कुंडा थाना इलाके के ग्राम पंचायत तोरला नवापारा में आदिवासी महिला सरपंच पर जानलेवा हमला हुआ. आदिवासी महिला सरपंच ने खुद और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर गंभीर आरोप पुलिस पर लगाए हैं. पीड़ित महिला सरपंच का कहना है कि पुलिस ने उनकी शिकायत दर्ज नहीं की. महिला सरपंच पर हुए हमले के विरोध में लोगों में भारी गुस्सा है.
आदिवासी महिला सरपंच पर हमला
पीड़िता आदिवासी सरपंच पूजा का आरोप है कि पंचायत चुनाव की रंजिश के चलते विरोधी पक्ष लगातार उन्हें और उनके परिवार को निशाना बना रहा है. उनका कहना है कि अब तक 6 से 7 बार धमकी और हमला किया जा चुका है. लेकिन पुलिस की तरफ से कोई ठोस कार्रवाई अब तक नहीं की गई. पीड़ित महिला सरपंच ने कहा कि हाल ही में उन पर जानलेवा हमला किया गया. इसके बावजूद पुलिस ने उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की. इंसाफ की मांग को लेकर वह अपने परिवार सहित सोमवार रात को महिला थाना कवर्धा पहुंचीं और पूरी रात वहीं डर और तनाव के बीच बैठी रहीं.
पुलिस पर उचित कार्रवाई नहीं करने का आरोप
पीड़ित पक्ष की मानें तो चुनाव में हार के बाद आरोपी पक्ष बदला लेने की भावना से लगातार उनको प्रताड़ित कर रहा है. परिवार का आरोप है कि पुलिस की अनदेखी और कार्रवाई नहीं होने से वे मानसिक रूप से परेशान हो चुके हैं. हालात इतने गंभीर हो गए कि परिवार ने आत्महत्या जैसा कदम उठाने की चेतावनी तक दी है. वहीं, लोगों के बीच अब यह सवाल उठ रहा है कि लगातार शिकायतों के बावजूद पुलिस कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है. क्या एक आदिवासी महिला जनप्रतिनिधि को सुरक्षा देना जिला प्रशासन का काम नहीं है.
पीड़ित सरपंच पूजा आदिवासी ने कहा कि चुनाव हारने के बाद विरोधी पक्ष राजनीति रंजिश निकालने की कोशिश में जुटा है. मेरे और मेरे परिवार के ऊपर खतरा है. कई बार हमला भी हो चुका है. पुलिस हमारी शिकायत नहीं सुन रही है. हम चाहते हैं कि उचित कार्रवाई की जाए.
कबीरधाम महिला थाना प्रभारी शालिनी ने कहा कि घटना की हमें जानकारी मिली है. हम पूरे मामले की जांच करा रहे हैं. अगर कोई इस मामले में दोषी होगा तो उस पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी. किसी भी बख्शा नहीं जाएगा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



