तेज बारिश में आमने-सामने बाइकों की जोरदार टक्कर, दो युवकों की मौके पर ही मौत, 2 युवक अस्पताल में जिंदगी की लड़ रहे जंग, गांव में शोक का माहौल
Two motorcycles collided head-on amidst heavy rain; two youths died on the spot, while two others are battling for their lives in the hospital, plunging the village into mourning.
बिलासपुर : बिलासपुर जिला के रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पुड़ु में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं. तेज बारिश के बीच दो मोटरसाइकिलों की आमने–सामने हुई जोरदार टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है. एक तरफ दो परिवार अपनों को खोने के सदमे में हैं, दूसरी ओर दो घायल जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं.
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम पुड़ु निवासी संजीव पैकरा पिता संतोष पैकरा उम्र 18 साल अपने मित्र अमन के साथ बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहा था, शाम के समय लगातार बारिश हो रही थी. दोनों जैसे ही गांव से बाहर निकले. सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से उनकी बाइक की सीधी टक्कर हो गई.
टक्कर इतनी भीषण थी कि संजीव पैकरा ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. उसके साथ बाइक पर बैठा अमन गंभीर रूप से घायल हो गया. दूसरी बाइक पर सवार विशेष कुमार पैकरा उम्र 18 साल की भी मौके पर ही मौत हो गई. जबकि उसके साथी रमन सिंह पैकरा गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े. कुछ ही देर में मृतकों और घायलों के परिजन भी वहां पहुंच गए. मौके का नजारा बेहद दर्द भरा था. ग्रामीणों ने फौरन डायल-112 को खबर दी. जिसके बाद पुलिस सहायता वाहन मौके पर पहुंचा और दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल रवाना किया गया.
हादसे की खबर मिलते ही रतनपुर थाना प्रभारी निलेश पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए चीरघर भेज दिया. आज सोमवार को परिजनों की मौजूदगी में शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा.
लगातार बारिश के बीच हुए इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. महज कुछ सेकंड की टक्कर ने दो युवाओं की जिंदगी छीन ली, जबकि दो अन्य युवक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं. पुड़ु गांव में रविवार रात मातम और सन्नाटे के बीच बीती.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



