PM आवास के गृह प्रवेश कार्यक्रम में विवाद, सरपंच के खिलाफ ग्राम पंचायत सचिव से मारपीट का आरोप लगाकर कराई FIR दर्ज, जांच में जुटी पुलिस

Controversy erupts at the 'Grih Pravesh' (house-warming) ceremony for PM Awas houses; an FIR has been registered against the Sarpanch following allegations of assaulting the Gram Panchayat Secretary, and the police have launched an investigation.

PM आवास के गृह प्रवेश कार्यक्रम में विवाद, सरपंच के खिलाफ ग्राम पंचायत सचिव से मारपीट का आरोप लगाकर कराई FIR दर्ज, जांच में जुटी पुलिस

कांकेर/भानुप्रतापपुर : कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत परवी में प्रधानमंत्री आवास योजना के गृह प्रवेश कार्यक्रम के दौरान विवाद का मामला सामने आया है. पंचायत सचिव ने सरपंच पर मारपीट करने का आरोप लगाया है. घटना के बाद सचिव ने भानुप्रतापपुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है. वहीं सरपंच ने भी पंचायत सचिव पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक 11 सितंबर को प्रदेशभर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हितग्राहियों के लिए सामूहिक गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किए गए थे. इसी कड़ी में ग्राम पंचायत परवी में भी कार्यक्रम रखा गया था. कार्यक्रम में आवास योजना के हितग्राहियों को नए घरों में प्रवेश कराया जाना था. कार्यक्रम को लेकर पंचायत सचिव और सरपंच के बीच विवाद की स्थिति बनी. पंचायत सचिव का आरोप है कि कार्यक्रम की जानकारी सरपंच को नहीं दी गई थी. जिसके बाद सरपंच नाराज होकर मौके पर पहुंचे और सचिव से जानकारी लेने लगे.
सूचना नहीं देने को लेकर शुरू हुआ विवाद
सरपंच को किसी जरिए गृह प्रवेश कार्यक्रम की जानकारी मिली. इसके बाद वह कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और पंचायत सचिव से आयोजन को लेकर बातचीत करने लगे. इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी शुरु हो गई. आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद सरपंच ने पंचायत सचिव के साथ मारपीट की. घटना के बाद सचिव थाने पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। सचिव संघ ने भी मामले को गंभीर बताते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
सरपंच ने भी लगाए आरोप
वहीं दूसरी तरफ सरपंच ने पंचायत सचिव के आरोपों को लेकर अपना पक्ष रखा है. सरपंच का कहना है कि पंचायत सचिव द्वारा उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया. दोनों पक्षों की तरफ से अलग-अलग आरोप लगाए गए हैं. पुलिस अब दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है. घटना के दौरान मौजूद लोगों से पूछताछ और अन्य सबूतों के आधार पर विवाद की वास्तविक स्थिति सामने आने की उम्मीद है. फिलहाल मामला भानुप्रतापपुर थाने में दर्ज है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विवाद किन हालात में हुआ और मारपीट के आरोपों में कितनी सच्चाई है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?