मवेशी व्यापारियों को जंगल में बंधक बनाकर मारपीट-लूटपाट, फिर आरोपियों ने मांगी 5 लाख की फिरौती, पुलिस ने 4 बदमाशो को किया गिरफ्तार
Cattle traders were held hostage in the forest, assaulted, and robbed; the accused then demanded a ransom of 5 lakh rupees. Police have arrested four miscreants.
कबीरधाम : छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले से लूटपाट और फिरौती वसूली का सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां मवेशी व्यापार करने निकले तीन व्यापारियों को आरोपियों ने जंगल में बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की और नगदी और मोबाइल फोन लूट लिए. इतना ही नहीं, आरोपियों ने व्यापारियों से 5 लाख रुपये की फिरौती भी मांगी और डराकर उनके बैंक खाते में अलग-अलग किश्तों में 90 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए. मामले में भोरमदेव पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
मवेशियों के साथ जंगल में रुके थे व्यापारी, तभी पहुंचे आरोपी
मिली जानकारी के मुताबिक 2 नवंबर 2026 को ग्राम रौचन निवासी कुलेश्वर विश्वकर्मा अपने साथी गुनु धुर्वे और शिव प्रसाद के साथ खरीदे गए 9 मवेशियों को बेचने के लिए ग्राम सारसडोल, थाना मलाजखंड, जिला बालाघाट (मध्यप्रदेश) जा रहे थे. रात करीब 9 बजे चढ़चौड़ा जंगल के ढलान के पास मवेशियों के साथ विश्राम के दौरान ग्राम केसदा निवासी कामू बैगा अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा.
आरोपियों ने तीनों व्यापारियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद कुलेश्वर विश्वकर्मा से 10 हजार रुपये और मोबाइल फोन, शिव प्रसाद से 40 हजार रुपये और मोबाइल फोन तथा गुनु धुर्वे से 20 हजार रुपये नकद लूट लिया.
पांच लाख की फिरौती मांगी, खाते में जबरन ट्रांसफर कराए 90 हजार
लूटपाट के बाद आरोपियों ने तीनों व्यापारियों को अपने कब्जे में लेकर ग्राम केसदा की ओर ले गया. वहां उनसे 5 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई. बातचीत के बाद आरोपियों ने अपने बताए बैंक खाते में अलग-अलग किश्तों में कुल 90 हजार रुपये जबरन ट्रांसफर करा लिया. रकम मिलने के बाद आरोपियों ने तीनों व्यापारियों को उनके मवेशियों सहित छोड़ दिया.
तकनीकी सब्बुतों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
प्रार्थी की रिपोर्ट पर 8 नवंबर 2026 को भोरमदेव थाने में बीएनएस की धारा 309(6), 140(3), 119(1), 296, 351(3), 115(2) और 3(5) के तहत जुर्म दर्ज कर जांच शुरु की गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की पतासाजी शुरू की. प्रार्थी और उसके साथियों के बयान दर्ज करने के साथ ही तकनीकी सबूतों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई.
संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर घटना में उनकी संलिप्तता सामने आई. आरोपियों के बयान के आधार पर घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, नकदी और बैंक खाते में फिरौती की रकम प्राप्त होने से संबंधित सबूत बरामद किए गए.
दो बाइक, तीन मोबाइल और 25 हजार रुपये नगद जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 25 हजार रुपये नगद, तीन मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं. जब्त संपत्ति की कुल कीमत 1 लाख 42 हजार रुपये बताई गई है. इसके अलावा फिरौती की रकम बैंक खाते में प्राप्त होने से संबंधित 89 हजार रुपये के ट्रांजेक्शन का स्क्रीनशॉट भी बरामद किया गया है.
चारों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कामू बैगा (उम्र 30 साल), चंदन सिंह धुर्वे (उम्र 54 साल), महेश धुर्वे (उम्र 22 साल) और सुरेश धुर्वे (उम्र 37 साल) के रूप में हुई है. चारों आरोपी ग्राम केसदा, थाना भोरमदेव, जिला कबीरधाम के निवासी हैं. पुलिस ने 9 नवंबर 2026 को चारों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर अदालत के सामने पेश किया.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



