सड़क किनारे खड़े टिपर से टकराई तेज रफ्तार बाइक, दर्दनाक सड़क हादसे में वन विभाग के कर्मचारी की मौत, इलाके में शोक का माहौल, जांच में जुटी पुलिस
A high-speed bike collided with a roadside tipper truck, resulting in a tragic road accident in which a forest department employee died on the spot, leading to mourning in the area, and police investigating the matter.
सुकमा : सुकमा जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है. जिसने पूरे इलाके में शोक का माहौल पैदा कर दिया है. कोंटा क्षेत्र के ढोंढरा के पास हुई इस हादसे में वन विभाग के एक कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई.
मिली जानकारी के मुताबिक मृतक शिव कुमार बाड़ी वन विभाग में सहायक परिक्षेत्र बंडा सर्किल में पदस्थ थे. वे मूल रूप से बीजापुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं. शिव कुमार बाड़ी अपनी बाइक से कहीं जा रहे थे. इसी दौरान उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े एक भारी वाहन (टिपर) से जा टकराई.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शिव कुमार बाड़ी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हादसे की खबर मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारी और कोंटा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोंटा भेज दिया.
प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि सड़क किनारे खड़े टिपर की वजह से यह हादसा हुआ. हालांकि हादसे की सटीक वजह का पता लगाने के लिए पुलिस मामले की डिटेल जांच कर रही है. यह भी देखा जा रहा है कि वाहन सही तरीके से खड़ा था या नहीं और क्या सड़क पर पर्याप्त सुरक्षा संकेत मौजूद थे.
इस हादसे के बाद वन विभाग के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में गहरा दुख व्याप्त है. शिव कुमार बाड़ी को एक जिम्मेदार और मेहनती कर्मचारी के रूप में जाना जाता था. उनके असामयिक निधन से विभाग को भी बड़ी क्षति हुई है.
स्थानीय प्रशासन ने लोगों से सड़क पर सतर्कता बरतने और विशेषकर रात के समय या कम दृश्यता में सावधानी से वाहन चलाने की अपील की है. वहीं, पुलिस ने भी आश्वासन दिया कि इस मामले में जो भी दोषी होगा. उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और लापरवाही से खड़े वाहनों के खतरे को उजागर करता है. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



