वन्यप्राणी सप्ताह में शिकार की कोशिश, जंगल में एयर गन लेकर निकले दो युवक, वन विभाग ने रोका तो सामने आया राज, 2 शिकारी गिरफ्तार, मृत पक्षी बरामद
Attempt to hunt during Wildlife Week: Two youths ventured into the forest with an air gun; the truth came to light when the Forest Department intercepted them. Two poachers were arrested, and a dead bird was recovered.
रायगढ़ : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह के दौरान पक्षियों के शिकार का मामला सामने आया है. रायगढ़ वन मंडल की उड़नदस्ता टीम ने महापल्ली गांव के पास कार्रवाई करते हुए दो युवकों को पकड़ा है. दोनों युवक एयर गन से पक्षियों का शिकार कर रहे थे. कार्रवाई के दौरान उनके कब्जे से एयर गन, गोलियां और तीन मृत पक्षी बरामद किए गए हैं। बरामद पक्षियों में पड़की और टिटहरी शामिल हैं.
मिली जानकारी के मुताबिक वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह के दौरान रायगढ़ वन मंडल की टीम वन्यजीवों और पक्षियों की सुरक्षा को लेकर निगरानी कर रही थी. इसी बीच विभाग को मुखबिर से खबर मिली कि महापल्ली क्षेत्र में दो युवक एयर गन लेकर पक्षियों का शिकार कर रहे हैं. खबर पर उड़नदस्ता टीम को फौरन मौके पर रवाना किया गया. वन विभाग की टीम महापल्ली रोड पहुंची तो वहां दो युवक एयर गन के साथ दिखाई दिए. टीम ने शक के आधार पर दोनों को रोककर पूछताछ की और उनके सामान की तलाशी ली.
तलाशी के दौरान एयर गन, उसके लिए इस्तेमाल की जाने वाली गोलियां और तीन मृत पक्षी मिले. वनकर्मियों ने मौके से बरामद एयर गन, गोलियां और मृत पक्षियों को जब्त कर लिया. इसके बाद दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई.
वन विभाग के मुताबिक पकड़े गए युवकों की पहचान महापल्ली निवासी उद्धव राठिया उम्र 28 साल और दया सागर निषाद उम्र 20 साल के रूप में हुई है. शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि दोनों युवक महापल्ली क्षेत्र में पक्षियों का शिकार करने पहुंचे थे.
वन विभाग यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि दोनों ने इससे पहले भी इस तरह का शिकार किया है या नहीं. इसके साथ ही एयर गन कहां से लाई गई और शिकार के पीछे क्या मकसद था. इसकी भी जांच की जा रही है.
वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह के दौरान हुई इस कार्रवाई को लेकर वन अमला और ज्यादा सतर्क हो गया है. इस अवधि में वन विभाग द्वारा लोगों को वन्यजीवों और पक्षियों के संरक्षण को लेकर जागरुक करने के साथ ही अवैध शिकार पर विशेष निगरानी रखी जाती है. पक्षियों का शिकार वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी व्यवस्थाओं के खिलाफ माना जाता है.
खासकर संरक्षित प्रजातियों के शिकार के मामलों में वन विभाग संबंधित कानून के तहत कार्रवाई करता है. इस मामले में भी वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के प्रावधानों के तहत आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है. वन विभाग की टीम बरामद मृत पक्षियों की पहचान और संबंधित श्रेणी की भी जांच कर रही है. इसके साथ ही मामले से जुड़े सभी तथ्यों का रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है. ताकि आगे की कार्रवाई में किसी तरह की कमी न रहे.
फिलहाल दोनों युवकों को वन विभाग की हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. विभाग ने एयर गन और गोलियों के साथ तीन मृत पक्षियों को जब्त कर लिया है. मामले में जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



