घर में घुसकर चावल छिड़का, नींबू गड़े होने का दिखाया डर, दंपती ने दवाई तावीज के नाम पर 18,500 रुपए की ठगी, अंधविश्वास का फायदा उठाकर फरार

A couple entered a home, sprinkled rice, and instilled fear by claiming lemons were buried on the premises; they swindled ₹18,500 under the guise of providing medicine and amulets, then fled after exploiting the victims' superstition.

घर में घुसकर चावल छिड़का, नींबू गड़े होने का दिखाया डर, दंपती ने दवाई तावीज के नाम पर 18,500 रुपए की ठगी, अंधविश्वास का फायदा उठाकर फरार

गरियाबंद/जड़जड़ा : गरियाबंद थाना क्षेत्र के ग्राम जड़जड़ा में अंधविश्वास और डर का फायदा उठाकर ठगी का मामला सामने आया है. महिला और पुरुष ने खुद को पति-पत्नी बताकर घर में प्रवेश किया और चावल छिड़ककर घर के आसपास नींबू गड़े होने की बात कही. परिवार के बच्चों की तबीयत खराब होने का डर दिखाया और घर का क्लेश दूर करने के नाम पर दवाई और ताबीज देने की बात कहकर 18,500 रुपए ठग लिए. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
चावल मांगने के बहाने घर पहुंचे
मिली जाकारी के मुताबिक ग्राम जड़जड़ा निवासी सुमती बाई पटेल उम्र 45 साल ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 19 अगस्त की सुबह करीब 9 बजे वह अपनी बहू कोशिका के साथ घर में घरेलू काम कर रही थीं. इसी दौरान एक पुरुष और महिला पैदल उनके घर पहुंचे। दोनों ने गेट के पास आकर चावल मांगा। महिला ने उन्हें मुट्ठी भर चावल दे दिया.
इसके बाद दोनों ने खुद को पति-पत्नी बताया और चाय बनाने के लिए कहा. मना करने के बावजूद दोनों घर के अंदर घुस गए. आरोप है कि उन्होंने सुमती बाई और उनकी बहू पर चावल छिड़कते हुए कहा कि घर के आसपास नींबू गाड़कर रखे गए हैं. जिससे बच्चों की तबीयत खराब हो सकती है.
दवाई-ताबीज के नाम पर मांगे रुपए
पीड़िता के मुताबिक दोनों आरोपियों ने उन्हें और उनकी बहू को अपनी बातों में उलझा दिया. उन्होंने दावा किया कि दवाई और ताबीज देने से घर का पूरा क्लेश खत्म हो जाएगा. इसके बाद दोनों ने पैसे की मांग की. डर और भ्रम की स्थिति में सुमती बाई और उनकी बहू ने घर में रखे 18,500 रुपए उन्हें दे दिए.
पीड़िता ने बताया कि रकम में 500 रुपए के 26 नोट और 100 रुपए के 55 नोट शामिल थे. पैसे लेने के बाद दोनों ने घटना के बारे में किसी को बताने से भी मना किया और वहां से चले गए. करीब एक घंटे बाद सुमती बाई का बेटा योगेंद्र पटेल घर पहुंचा तो उन्होंने पूरी घटना की जानकारी उसे दी.
पुलिस ने दर्ज किया मामला
सुमती बाई ने पुलिस से दोनों अज्ञात आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने बताया कि सामने आने पर वह दोनों महिला-पुरुष को पहचान सकती हैं. पुलिस ने आवेदन के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 331(1) और 3(5) के तहत जुर्म दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस अब आरोपियों की पहचान और उनके द्वारा इस तरह की अन्य घटनाओं को अंजाम दिए जाने की भी जांच कर रही है.
सावधानी बरतना बेहद जरुरी
अंधविश्वास, तंत्र-मंत्र, नींबू-मिर्च, ताबीज या घर का दोष दूर करने के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति को पैसे या कीमती सामान न दें। अनजान लोगों को घर के अंदर आने देने से बचें. अगर कोई व्यक्ति डर दिखाकर तत्काल पैसे मांगता है तो परिवार के अन्य सदस्यों को जानकारी दें और फौरन पुलिस से संपर्क करें. ऐसे मामलों में चुप रहने के बजाय समय पर शिकायत करना ही ठगी के गिरोह तक पहुंचने में मदद कर सकता है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?