लड़कियों को बहला-फुसलाकर दुष्कर्म के दो आरोपी गिरफ्तार होकर पहुंचे जेल, छग पुलिस ने जम्मू-कश्मीर से सकुशल बरामद की 2 नाबालिग लड़कियां

Two accused arrested and jailed for raping girls after luring them; Chhattisgarh Police safely recovered two minor girls from Jammu & Kashmir.

लड़कियों को बहला-फुसलाकर दुष्कर्म के दो आरोपी गिरफ्तार होकर पहुंचे जेल, छग पुलिस ने जम्मू-कश्मीर से सकुशल बरामद की 2 नाबालिग लड़कियां

बिलाईगढ़ : छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में बिलाईगढ़ थाना पुलिस ने दो नाबालिग लड़कियों को जम्मू-कश्मीर से सकुशल बरामद किया है. पुलिस ने दोनों लड़कियों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है. वहीं, लड़कियों को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म करने के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत के हुक्म पर जेल भेज दिया है.
अलग-अलग मामलों में दर्ज हुई थी गुमशुदगी
मिली जानकारी के मुताबिक थाना बिलाईगढ़ क्षेत्र में दो अलग-अलग मामलों में नाबालिग लड़कियों के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई. पहले मामले में 20 जनवरी 2026 को एक पीड़िता की माता ने थाना बिलाईगढ़ पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी नाबालिग बेटी बिना बताए घर से कहीं चली गई है. परिजनों ने आशंका जताई कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाया गया है.
वहीं, दूसरे मामले में 23 मार्च 2026 को एक नाबालिग लड़की के पिता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी बेटी रात में बिना बताए घर से गायब हो गई है. परिजनों ने भी किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताई. दोनों मामलों में थाना बिलाईगढ़ पुलिस ने अलग-अलग जुर्म दर्ज कर लड़कियों की तलाश शुरू की थी.
तकनीकी जांच से मिली जम्मू-कश्मीर की जानकारी
पुलिस ने लड़कियों की तलाश के लिए तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया. जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि दोनों नाबालिग लड़कियां जम्मू-कश्मीर में मौजूद हैं. इसकी जानकारी मिलने के बाद थाना प्रभारी बिलाईगढ़ ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र पटेल और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस दीपिका मिंज के मार्गदर्शन में पुलिस टीम को जम्मू-कश्मीर रवाना किया.
जम्मू-कश्मीर से दोनों लड़कियोंको किया बरामद
पुलिस टीम में प्रशिक्षु उप निरीक्षक सुरेंद्र कुमार, प्रधान आरक्षक चंद्रशेखर पटेल, आरक्षक नरेंद्र चंद्रा और महिला आरक्षक फुलकारी कुर्रे शामिल थे. पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए एक लड़की को आरोपी रोशन बंजारे के कब्जे से नागमणि, जिला जम्मू से बरामद किया. वहीं, दूसरी बालिका को आरोपी शिवा पटेल के कब्जे से ओमपुरा, जिला बड़गांव, जम्मू-कश्मीर से सकुशल बरामद किया गया. दोनों लड़कियों को सुरक्षित बिलाईगढ़ थाना लाया गया.
पूछताछ में सामने आई आरोपी की करतूत
पुलिस के मुताबिक बालिकाओं से पूछताछ में उन्होंने बताया कि दोनों आरोपी उन्हें बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए थे. उन्होंने मंदिर में शादी करने की बात कहते हुए उनके साथ दुष्कर्म किया. बालिकाओं के बयान के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.
आरोपी
रोशन बंजारे पिता गंगा राम बंजारे उम्र 21 साल निवासी ग्राम पचरी, थाना बिलाईगढ़
शिवा पटेल पिता रामायण पटेल उम्र 26 साल निवासी ग्राम तेंदुमुडी, थाना बिलाईगढ़ 
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?