मां महामाया मंदिर में गहनों की चोरी का खुलासा, बलौदाबाजार पुलिस ने 24 घंटे में सोने का हार चुराने वाले आरोपी अमन को गिरफ्तार कर भेजा जेल, जेवर बरामद
Theft of jewelry at Maa Mahamaya Temple solved; Balodabazar police arrested the accused, Aman—who had stolen a gold necklace—within 24 hours and sent him to jail; the jewelry has been recovered.
बलौदाबाजार : छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में मां महामाया मंदिर में हुई ढाई लाख रुपये के सोने के जेवरात चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. मंदिर में चोरी करने वाला आरोपी पहले माता रानी के चरणों में झुका और प्रणाम किया. इसके बाद मौका पाकर प्रतिमा से सोने का हार और दुसरे जेवर चोरी कर फरार हो गया. चोरी की पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. यह मामला बलौदाबाजार शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक 25 जुलाई की सुबह बस स्टैंड स्थित मां महामाया मंदिर में एक युवक पहुंचा था. युवक ने मंदिर में प्रवेश करने के बाद माता की प्रतिमा के सामने जाकर श्रद्धा से चरण छुए और प्रणाम किया. इसके बाद उसने मौका देखकर माता की प्रतिमा पर चढ़े सोने के आभूषण चोरी कर लिए और वहां से निकल गया.
मंदिर में चोरी की जानकारी मिलने के बाद श्रद्धालुओं और मंदिर प्रबंधन में हड़कंप मच गया. वार्ड नम्बर 19 निवासी रोहित कुमार साहू ने 26 जुलाई को सिटी कोतवाली थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में बताया गया कि 25 जुलाई की सुबह करीब 9:30 बजे से 10:30 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति ने मां महामाया की प्रतिमा से 5 पत्ती वाला मंगलसूत्र और एक पत्ती वाला सोने का लॉकेट चोरी कर लिया है. चोरी किए गए जेवरात की कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई गई.
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(3) और 305 के तहत जुर्म दर्ज किया. पुलिस अधीक्षक गौरव राय (IPS) के निर्देश पर चोरी की घटना का खुलासा करने के लिए विशेष टीम गठित की गई.
जांच के दौरान पुलिस टीम ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज में एक युवक मंदिर में प्रवेश करते और संदिग्ध गतिविधि करते दिखाई दिया. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवक की पहचान करने का प्रयास शुरू किया. तकनीकी जांच और अन्य सबूतों के आधार पर संदिग्ध युवक की पहचान अमन कुमार यादव उम्र 22 साल निवासी ग्राम सिंधोरा, थाना पलारी के रूप में हुई.
पुलिस टीम जब आरोपी के घर पहुंची तो वह वहां नहीं मिला. जांच में पता चला कि आरोपी अपने रिश्तेदार के यहां ग्राम गबौद में छिपा हुआ है. इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी अमन यादव को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने मंदिर में चोरी करने की बात काबुल कर ली.
पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि वह आईटीआई की पढ़ाई कर चुका है. लेकिन नौकरी नहीं मिलने की वजह से बेरोजगार था. इसी वजह से उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया. पुलिस के मुताबिक आरोपी धार्मिक प्रवृत्ति का था और मंदिर में आने-जाने के दौरान उसने चोरी की योजना बनाई. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए सोने के छह पत्ती और लॉकेट बरामद कर लिए हैं.
इसके अलावा घटना में इस्तेमाल किया गया एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चोरी और छिपकर सेंध लगाने की धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे अदालत में पेश किया. जहां से उसे जेल भेज दिया गया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी कैमरों और तकनीकी जांच की मदद से अपराधियों तक पहुंचना आसान हो रहा है. मंदिर जैसे धार्मिक स्थलों पर चोरी करने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
बलौदाबाजार पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें. पुलिस का कहना है कि अपराध नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी. मां महामाया मंदिर चोरी मामले में त्वरित कार्रवाई कर आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस ने बड़ी सफलता बताया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



