नदी में बेसुध पड़ा मिला युवक, लोगों ने समझा हो गई मौत, मची अफरा-तफरी, रेस्क्यू के वक्त शरीर में हुई हलचल, जिंदा मिला तो लोगों ने ली राहत की सांस
A young man was found lying unconscious in the river; onlookers feared he had died, causing a commotion. However, signs of life were detected during the rescue operation, and the crowd breathed a sigh of relief upon finding him alive.
कांकेर/अंतागढ़ : अंतागढ़ के बड़े पुल के पास गुरुवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब नदी के पानी में एक युवक रामसाय काफी देर से बेहोशी की हालत में पड़ा नजर आया. रामसाय की हालत देखकर आसपास मौजूद लोगों ने उसके डूबने की आशंका जताई और देखते ही देखते नदी किनारे लोगों की भीड़ जमा हो गई. घटना की जानकारी पुलिस को दी गई. जिसके बाद जवान मौके पर पहुंचे और युवक को बाहर निकालने की तैयारी शुरु की.
पुलिसकर्मी रामसाय को नदी से बाहर निकालने की तैयारी कर ही रहे थे कि अचानक उसके शरीर में हलचल दिखाई दी. इसके बाद पुलिस ने फौरन उसे पानी से बाहर निकाला. जांच करने पर पता चला कि रामसाय की मौत नहीं हुई थी. बल्कि वह शराब के नशे में बेसुध पड़ा था.
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम सुरवाही निवासी रामसाय यादव उम्र करीब 27 साल अंतागढ़ में एक व्यापारी के यहां ट्रक चालक के तौर पर काम करता है. विश्वकर्मा जयंती के चलते ट्रक का काम बंद था. इसी दौरान रामसाय ने शराब का सेवन किया और नहाने के लिए नदी में चला गया. नशा ज्यादा होने के कारण वह नदी के अंदर ही बेसुध होकर सो गया.
जिस जगह वह पड़ा था, वहां पानी इतना था कि उसका चेहरा पानी से बाहर था. जबकि शरीर का अधिकांश हिस्सा पानी में डूबा हुआ था. करीब एक घंटे तक युवक इसी हालत में पड़ा रहा. दूर से देखने पर लोगों को लगा कि वह नदी में डूब चुका है.
पुलिस की कार्रवाई के दौरान युवक के जीवित होने का पता चलते ही मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली. पुलिस युवक को थाने लेकर गई. जहां समझाइश देने के बाद उसे छोड़ दिया गया. घटना के दौरान नदी किनारे काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही. युवक के नशे में नदी के भीतर सो जाने की बात सामने आने के बाद यह मामला आसपास के लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



