खेत की निगरानी करने निकले किसान की करंट से मौत, विद्युत फेंसिंग की सुरक्षा व्यवस्था और जिम्मेदारों की भूमिका को लेकर उठ रहे सवाल

Farmer dies of electrocution while checking his field; questions raised regarding the safety measures of the electric fencing and the role of those responsible.

खेत की निगरानी करने निकले किसान की करंट से मौत, विद्युत फेंसिंग की सुरक्षा व्यवस्था और जिम्मेदारों की भूमिका को लेकर उठ रहे सवाल

बिलासपुर/तखतपुर : धान की फसल को आवारा मवेशियों से बचाने के लिए खेत की निगरानी करने निकले एक किसान की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई. घटना तखतपुर क्षेत्र के ग्राम पेंड्री और चनाडोंगरी इलाके की है. हादसे के बाद खेतों में लगाई जा रही विद्युत फेंसिंग की सुरक्षा व्यवस्था और जिम्मेदारों की भूमिका को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. मृतक की पहचान ग्राम पेंड्री निवासी गंगाराम कोल के रूप में हुई है
मिली जानकारी के अनुसार गंगाराम चनाडोंगरी में स्थित अपने खेत की रखवाली करने के लिए गया था. धान की फसल को आवारा मवेशियों से बचाने के लिए किसान अक्सर खेतों के आसपास तार लगाते हैं. लेकिन इसी दौरान लगाए गए विद्युत तार ने एक किसान की जान ले ली.
रात करीब 7 बजे गंगाराम जिस खेत में फसल की निगरानी कर रहा था. उसके पास ही दूसरे किसान के खेत में मवेशियों को रोकने के लिए विद्युत तार लगाया गया था. इसी तार की चपेट में आने से गंगाराम को तेज करंट लगा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के चश्मदीद किसान महेंद्र कौशिक ने बताया कि दोनों किसान अपने-अपने खेतों में फसल की रखवाली कर रहे थे. जब उन्होंने आवाज लगाई और गंगाराम की तरफ से कोई जवाब नहीं मिला तो वह उसे देखने के लिए पहुंचे. जैसे ही वह घटनास्थल के पास पहुंचे. उन्हें भी हल्का करंट महसूस हुआ.
महेंद्र ने सावधानी से आगे बढ़कर देखा तो गंगाराम जमीन पर बेहोशी की हालत में पड़ा था और उसके पैरों में विद्युत तार लिपटा हुआ था. इसके बाद उन्होंने फौरन इसकी खबर अपने परिवार के लोगों को दी. बाद में कोटवार के जरिए तखतपुर थाने को घटना की जानकारी दी गई. खबर मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची.
पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया. आरोप है कि रात भर शव खेत में ही पड़ा रहा. वहीं विद्युत तार में प्रवाह को लेकर भी फौरन कार्रवाई नहीं किए जाने की बात सामने आई है. सुबह पुलिस दोबारा घटनास्थल पहुंची और पंचनामा कार्रवाई शुरु की.
गंगाराम कोल अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य बताया जा रहा है. उसके परिवार में पत्नी और तीन छोटे बच्चे हैं. हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. जिस पिता के सहारे परिवार की रोजमर्रा की जिंदगी चल रही थी. उसकी अचानक मौत से परिवार आर्थिक और भावनात्मक संकट में आ गया है. फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि खेत में विद्युत फेंसिंग किसने लगाई थी और इसके लिए कौन जिम्मेदार है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?