शराब पीने के बाद बिगड़ी तबीयत, रायपुर ले जाते समय आरंग के पास दोनों ने तोड़ा दम, गांव में पसरा मातम, फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतेजार

Health deteriorated after consuming alcohol; both died near Arang while being taken to Raipur; mourning has gripped the village; forensic examination and post-mortem reports are awaited.

शराब पीने के बाद बिगड़ी तबीयत, रायपुर ले जाते समय आरंग के पास दोनों ने तोड़ा दम, गांव में पसरा मातम, फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतेजार

महासमुंद/बसना/पितईपाली : महासमुंद जिला में बसना थाना क्षेत्र के ग्राम पितईपाली में कथित तौर पर कच्ची जहरीली शराब के सेवन के बाद दो लोगों की मौत का मामला सामने आया है. दोनों की हालत बिगड़ने के बाद उन्हें गांव के आसपास और बसना के अलग-अलग अस्पतालों में प्राथमिक उपचार कराया गया. नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया था. रायपुर ले जाते समय आरंग के आसपास दोनों की मौत हो गई. मामले में बसना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल दोनों की मौत की असल वजह फ़िलहाल साफ नहीं है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आवश्यक जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक 20 सितम्बर 2026 रविवार शाम करीब 6 बजे ग्राम पितईपाली निवासी रामचरण चौधरी पिता प्राणधन उम्र 57 साल और नैन दास उर्फ कोंदा पिता सोनादास उर्फ ननकी उम्र 26 साल ने कथित तौर पर किसी व्यक्ति से कच्ची शराब खरीदकर सेवन किया था.
परिजनों के मुताबिक शराब सेवन के महज आधा घंटा बाद दोनों के पेट में तेज जलन होने लगी और अचानक तबीयत बिगड़ गई. एक के मुंह से झाग निकल रही थी. शराब सेवन के कुछ मिनट बाद उनकी हालत इतनी नाजुक हो गई कि अपने अपने घर अंदर भी नहीं पहुंच सके. अपने अपने घर के दरवाजे में ही दोनों बैठ गए और चीख पुकार करने लगे. घर के लोग हैरान रह गए.
दोनों की हालत नाजुक होने पर नैन दास को गांव के पास एक प्राइवेट अस्पताल परसकोल ले जाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे रायपुर रेफर कर दिया. वहीं रामचरण चौधरी को बसना के एक प्राइवेट नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया. उनकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें भी रायपुर रेफर कर दिया. दोनों को अलग-अलग वाहनों से रायपुर ले जाया जा रहा था. इसी दौरान आरंग के आसपास दोनों की तबीयत और बिगड़ गई और अलग-अलग स्थानों पर उन्होंने दम तोड़ दिया. इसके बाद दोनों मृतक के शवों को बसना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया.
मेडिकल चेकअप के बाद डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया गया. घटना की खबर मिलने पर बसना पुलिस अस्पताल पहुंची और परिजनों से जानकारी लेकर मर्ग कायम किया. पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया. पोस्टमार्टम का वीडियो ग्राफी भी किए जाने की जानकारी मिली है.
पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ रासायनिक जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. इन रिपोर्टों से मौत के असल वजह की पुष्टि होने में अहम मदद मिल सकती है. पुलिस ने ग्राम पितईपाली पहुंचकर मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ भी शुरू कर दी है. कथित शराब कहां से खरीदी गई. उसे किसने उपलब्ध कराया. उसका सेवन करने के बाद दोनों की तबीयत किस तरह बिगड़ी और शराब में कोई विषैला या जहरीला पदार्थ मिला था या नहीं. इन सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है.
फिलहाल मृतकों के परिजन शराब सेवन को मौत की वजह बता रहे हैं. लेकिन पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने तक इसे मौत का प्रमाणित कारण नहीं माना जा सकता है. पोस्टमार्टम और रासायनिक परीक्षण की रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की दिशा साफ होगी. अगर जांच में जहरीले पदार्थ अथवा अवैध शराब की पुष्टि होती है और किसी व्यक्ति की भूमिका सामने आती है. तो पुलिस मिले सबुतों के आधार पर संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर सकती है. घटना के बाद पितईपाली सहित आसपास के क्षेत्र में इस मामले से सनसनी फैल गई है. पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के आरोपों से जुड़े लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है.
परिजनों के बताए मुताबिक शराब सेवन के बाद ही दोनों की हालत नाजुक हुई है. दोनों के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह का खुलासा हो पाएगा. जो भी तथ्य पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच में सामने आयेगा उसके आधार पर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। - शरद दुबे थाना प्रभारी थाना बसना
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?