विश्वकर्मा पूजा के दिन छात्रों पर बरसा शिक्षक का गुस्सा, आईटीआई में दौड़ा-दौड़ाकर पीटने का आरोप, पालकों में नाराजगी का माहौल, जांच में जुटी पुलिस

A teacher's anger was unleashed on students on the day of Vishwakarma Puja; allegations have surfaced of students being chased and beaten at an ITI, sparking resentment among parents, and the police have launched an investigation.

विश्वकर्मा पूजा के दिन छात्रों पर बरसा शिक्षक का गुस्सा, आईटीआई में दौड़ा-दौड़ाकर पीटने का आरोप, पालकों में नाराजगी का माहौल, जांच में जुटी पुलिस

बालोद : शासकीय आईटीआई राजहरा में छात्रों के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है. संस्थान के शिक्षक फनील साहू पर मामूली बात को लेकर एक छात्र से गाली-गलौज करने और लोहे के बेलचे से मारपीट करने का आरोप लगा है. आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य छात्रों को भी शिक्षक ने कॉरिडोर में दौड़ाकर पीटा. घटना की जानकारी मिलने के बाद नाराज छात्र और उनके परिजन थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने शिकायत के आधार पर शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
मिली जानकारी के मुताबिक 17 सितंबर को विश्वकर्मा पूजा के मौके पर शासकीय आईटीआई राजहरा में छात्र-छात्राएं और शिक्षक मिलकर भोजन तैयार कर रहे थे. इसी दौरान वेल्डर ट्रेड के प्रथम वर्ष का छात्र गजेंद्र साहू पानी पीने के लिए क्लास की तरफ गया था. गजेंद्र राजहरा के लोडिंग क्वार्टर पीपल झाड़ क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है.
आरोप है कि सुबह करीब 11:30 बजे जब गजेंद्र क्लास की तरफ गया. तभी बरामदे में मौजूद शिक्षक फनील साहू ने उसे रोक लिया. शिक्षक ने छात्र से कहा कि सभी लोग काम कर रहे हैं और वह घूम रहा है. छात्र का आरोप है कि इसी बात को लेकर शिक्षक ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और इसके बाद लोहे के बेलचे से उसकी पिटाई की.
मारपीट के दौरान गजेंद्र ने खुद को बचाने का प्रयास किया. जिससे उसके बाएं हाथ की कलाई के पास चोट आई. घटना देखकर वहां मौजूद अन्य छात्र भी मौके पर पहुंचे. आरोप है कि गजेंद्र को बचाने आए नमन खोबरागड़े, सूरज रंगारी, देवेंद्र निषाद और युवराज साहू के साथ भी शिक्षक ने मारपीट की. छात्रों का आरोप है कि शिक्षक ने उन्हें आईटीआई के कॉरिडोर में दौड़ा-दौड़ाकर पीटा.
घटना की खबर छात्रों के परिजनों तक पहुंची तो वे आईटीआई परिसर पहुंचे. छात्रों के साथ कथित मारपीट से नाराज परिजनों ने संस्थान में विरोध जताया और आईटीआई प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की. इसके चलते कुछ समय के लिए परिसर में तनाव की स्थिति बन गई. मामले की जानकारी मिलने पर एसडीएम और पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने छात्रों और उनके परिजनों से बातचीत की और उन्हें समझाइश देकर शांत कराया. इसके बाद कथित रूप से मारपीट का शिकार हुए छात्र अपने परिजनों के साथ थाने पहुंचे और शिक्षक के खिलाफ शिकायत दी.
शिकायत के आधार पर पुलिस ने शिक्षक फनील साहू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3) और 115(2) के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है. जांच के दौरान छात्रों और अन्य संबंधित लोगों के बयान भी लिए जा सकते हैं.
फिलहाल शिक्षक पर लगाए गए आरोप जांच का विषय है. पुलिस की जांच और संबंधित पक्षों के बयान सामने आने के बाद घटना की परिस्थितियां अधिक स्पष्ट हो सकेंगी. शिक्षण संस्थान में छात्रों के साथ कथित मारपीट की इस घटना को लेकर छात्र और उनके परिजन कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?