शराब पार्टी के बीच अचानक युवक अपहरण, सुबह सड़क किनारे मिला लहूलुहान, मेडिकल कॉलेज में मौत, इलाके में तनाव का माहौल, पुरानी रंजिश बनी वजह

Tension prevails in the area following the death of a young man at the medical college after a life-threatening attack; his family is devastated, demands for arrests are being raised, and the police are actively searching for the culprits.

शराब पार्टी के बीच अचानक युवक अपहरण, सुबह सड़क किनारे मिला लहूलुहान, मेडिकल कॉलेज में मौत, इलाके में तनाव का माहौल, पुरानी रंजिश बनी वजह

सूरजपुर : सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत केवरा स्थित अटल चौक के पास गुरुवार रात एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी गई. गंभीर रूप से घायल युवक को पहले प्रतापपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बाद में अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया. जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.
मिली जानकारी के मुताबिक गुरुवार दोपहर ग्राम गोंदा निवासी हरिनंदन रजवाड़े हरिनंदन राजवाड़े पिता स्व रामप्रसाद राजवाड़े उम्र 36 साल अपने दो दोस्तों तुषार और राहुल के साथ अंबिकापुर से गांव लौटा था. इसके बाद वह अटल चौक के पास अपने दोस्त राजेंद्र प्रसाद के घर पहुंचा. जहां चारों आपस में बैठकर पार्टी कर रहे थे. इसी दौरान गांव के ही एक युवक को इसकी जानकारी मिली.
आरोप है कि वह अपने 10 से 15 साथियों के साथ वहां पहुंचा और गाली-गलौज शुरू कर दी. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने हरिनंदन को जबरन पकड़कर एक चारपहिया वाहन में बैठा लिया. वहां मौजूद लोगों ने विरोध करने की कोशिश की. लेकिन आरोपी उसे अपने साथ लेकर चले गए.
घटना की जानकारी मिलते ही हरिनंदन के बड़े भाई और अन्य परिजन उसकी तलाश में निकल पड़े. काफी देर तक खोजबीन के बाद हरिनंदन ग्राम केवरा चौक के पास सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल और बेहोशी की हालत में मिला. उसके शरीर पर लाठी-डंडों से मारपीट के कई निशान थे और शरीर से खून भी बह रहा था. परिजन फौरन उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लेकर पहुंचे. जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया. लेकिन देर रात करीब दो बजे उसने दम तोड़ दिया.
शुरुआती जानकारी के अनुसार मृतक और आरोपित पक्ष के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. बताया जा रहा है कि करीब 15 दिन पहले भी इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था. आशंका जताई जा रही है कि इसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही असल वजह स्पष्ट होने की बात कह रही है.
वारदात की खबर मिलने पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर मर्ग कायम किया और परिजनों के बयान दर्ज किए. शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. इस मामले से जुड़े संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे. उनके आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
इस वारदात के बाद ग्राम गोंदा सहित आसपास के क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है. ग्रामीणों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है. लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े इस तरह युवक का अपहरण कर उसकी पिटाई करना कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है.
परिजनों ने भी आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर फौरन गिरफ्तारी की मांग की है. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द कानून के दायरे में लाया जाएगा.
.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?