थाना प्रभारी पर व्यापारी से मारपीट का आरोप, पुलिस के रवैये पर उठ रहे गंभीर सवाल, सोशल मीडिया पर वीडियो जमकर वायरल, इलाके में चर्चा का विषय

Station House Officer accused of assaulting businessman, serious questions raised about police attitude, video goes viral on social media, topic of discussion in the area

थाना प्रभारी पर व्यापारी से मारपीट का आरोप, पुलिस के रवैये पर उठ रहे गंभीर सवाल, सोशल मीडिया पर वीडियो जमकर वायरल, इलाके में चर्चा का विषय

धमतरी : धमतरी जिले के बोराई थाना क्षेत्र से एक पुलिस अधिकारी द्वारा मुर्गा व्यापारी के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में बोराई थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह एक मुर्गा व्यापारी पर हाथ उठाते हुए दिखाई दे रहे हैं. घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में मामला चर्चा का विषय बन गया है और पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं.
मिली जानकारी के मुताबिक कोंडागांव निवासी मुर्गा व्यापारी शब्बीर मेमन मुर्गा खरीदने के लिए बोराई गांव आया था. बताया जा रहा है कि ओडिशा बॉर्डर स्थित चेक पोस्ट के पास पुलिस द्वारा रुकने का इशारा किए जाने के बावजूद व्यापारी ने अपना वाहन नहीं रोका और आगे बढ़ गया. इसके बाद पुलिस टीम ने वाहन का पीछा कर उसे रुकवाया.
वाहन नहीं रोकने और कथित तौर पर पुलिस के निर्देशों की अनदेखी से बोराई थाना प्रभारी नाराज हो गए. इसी दौरान मौके पर दोनों के बीच कहासुनी की स्थिति बन गई. आरोप है कि गुस्से में थाना प्रभारी ने व्यापारी के साथ गाली-गलौज की और हाथ भी उठा दिया. इस पूरी घटना को वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया. जो अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है. स्थानीय स्तर पर लोग इस घटना को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कुछ लोग पुलिस की कार्रवाई को अनुचित व्यवहार बता रहे हैं. वहीं व्यापारी पक्ष की तरफ से भी इस घटना को लेकर नाराजगी जताई जा रही है.
फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस विभाग की तरफ से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. वीडियो वायरल होने के बाद अब यह मामला उच्च अधिकारियों तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है. जांच के बाद ही पूरी स्थिति साफ हो पाएगी कि घटना के पीछे वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं और किस स्तर पर नियमों का उल्लंघन हुआ है.
यह घटना एक बार फिर पुलिस व्यवहार और सड़क पर जांच प्रक्रियाओं को लेकर बहस का विषय बन गई है. स्थानीय लोग भी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं. ताकि वास्तविक तथ्य सामने आ सकें और जरुरी कार्रवाई हो सके.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t