बच्चेदानी के ऑपरेशन के लिए नर्सिंग होम पहुंची महिला की संदिग्ध मौत, मचा हड़कंप, परिजनों ने लगाया इलाज में लापरवाही का आरोप, SP से शिकायत
Suspicious death of a woman admitted to a nursing home for uterine surgery sparks an uproar; family alleges medical negligence and lodges a complaint with the SP.
बिलासपुर/रतनपुर : सरकारी अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर के प्राइवेट अस्पताल में ऑपरेशन के बाद महिला की मौत हो गई. इस मौत ने परिवार को ऐसे सवालों के बीच छोड़ दिया है. जिनका जवाब अभी बाकी है.
परिजनों के मुताबिक बिलासपुर जिले के रतनपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नवागांव, मोहदा निवासी कुमारी बाई साहू उम्र 50 साल पति ईश्वर साहू 6 जून को बच्चेदानी के ऑपरेशन के लिए मातृका नर्सिंग होम पहुंची थीं. आरोप है कि ऑपरेशन के बाद उनकी हालत बिगड़ी और ब्लड प्रेशर लो होने की बात कहकर उन्हें सिम्स भेजा गया. जहां उन्हें पहले से मृत बताया गया. 7 जून को सिम्स की चार सदस्यीय टीम ने 85 मिनट तक पोस्टमार्टम किया, जिसमें सर्जिकल और एनेस्थेटिक हस्तक्षेप के सबूत मिले. लेकिन मौत की वजह FSL और हिस्टोपैथोलॉजी रिपोर्ट तक लंबित रखा गया.
मृतका के बेटे ने आरोप लगाया है कि उनकी मां की मौत मातृका नर्सिंग होम में ही हो चुकी थी और सरकारी सेवा में पदस्थ डॉक्टर की प्राइवेट अस्पताल में भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए हैं. एक परिवार अपनी मां को खो चुका है. लेकिन आज भी उसके सामने यही सवाल है कि जिस अस्पताल में इलाज की उम्मीद लेकर मां गई थी. वहीं से उसकी जिंदगी की आखिरी खबर क्यों आई? और अगर सरकारी सेवा में पदस्थ डॉक्टर प्राइवेट अस्पताल में ऑपरेशन कर रहे थे. तो इस पूरी प्रक्रिया की जिम्मेदारी किसकी थी?
रतनपुर के मातृका नर्सिंग होम में बच्चेदानी के ऑपरेशन के दौरान महिला की संदिग्ध हालत में हुई मौत का मामला अब फोरेंसिक जांच रिपोर्ट पर आकर टिक गया है. छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स), बिलासपुर के चार विशेषज्ञ डॉक्टरों ने एक घंटा 25 मिनट तक शव का परीक्षण किया. लेकिन मौत का असल वजह साफ नहीं हो सकी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सर्जिकल और एनेस्थेटिक हस्तक्षेप के सबूत मिलने का उल्लेख है. इसके बावजूद चिकित्सकीय टीम ने मौत की वजह विसरा की फोरेंसिक साइंस लैबोरेट्री (FSL) और हिस्टोपैथोलॉजी रिपोर्ट मिलने तक लंबित रखा है.
मृतका के परिजनों ने रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ सरकारी डॉक्टर पर प्राइवेट अस्पताल में ऑपरेशन और इलाज के दौरान लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है. परिजनों का कहना है कि महिला की मौत मातृका नर्सिंग होम में ही हो गई थी. लेकिन बाद में उसे बिलासपुर सिम्स भेज दिया गया. मामले में पुलिस द्वारा अपेक्षित कानूनी कार्रवाई नहीं किए जाने की शिकायत भी पुलिस अधीक्षक से की गई है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद पोस्टमार्टम के लिए चार सदस्यीय चिकित्सकीय टीम गठित की गई. इस टीम में सिम्स बिलासपुर के एनेस्थिसियोलॉजी विभाग, फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग, पैथोलॉजी विभाग तथा प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग के सहायक प्राध्यापक शामिल थे. इस तरह चार डॉक्टरों की टीम ने करीब 85 मिनट तक शव का परीक्षण किया. हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का निश्चित कारण नहीं बताया.
38 हजार रुपये में तय हुआ था बच्चेदानी का ऑपरेशन, 15 हजार जमा कराए
शिकायत के मुताबिक कुमारी बाई साहू की बच्चेदानी का ऑपरेशन कराने के लिए मातृका नर्सिंग होम में 38 हजार रुपये में इलाज तय हुआ था. इसमें से 15 हजार रुपये अस्पताल में जमा कराए गए थे.
सीएचसी में सरकारी डॉक्टर, निजी अस्पताल में ऑपरेशन कराने का आरोप
आरोप है कि डॉ. नेहुल झा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर में पदस्थ होने के साथ मातृका नर्सिंग होम में भी मरीजों का इलाज करती हैं. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में गंभीर बीमारियों से पीड़ित होकर पहुंचने वाले मरीजों का इलाज प्राइवेट अस्पताल में किया जाता है. हालांकि इन आरोपों की पुष्टि के लिए सरकारी डॉक्टर की प्राइवेट अस्पताल में भूमिका, संबंधित अनुमति और अस्पताल के रिकॉर्ड की जांच जरुरी है.
जांच के बाद होगा असल वजह का खुलासा
फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सर्जरी और एनेस्थीसिया संबंधी हस्तक्षेप के सबूत दर्ज हैं. लेकिन मौत की वजह साफ नहीं है. चिकित्सकीय लापरवाही हुई थी या नहीं, इसका निष्कर्ष भी उपलब्ध पोस्टमार्टम विवरण के आधार पर नहीं निकाला जा सकता.
अब विसरा FSL रिपोर्ट, हिस्टोपैथोलॉजी रिपोर्ट, अस्पताल के उपचार संबंधी दस्तावेज और पुलिस जांच के निष्कर्ष ही इस मामले की असल वजह का खुलासा कर सकेंगे.
इस मामले में मातृका नर्सिंग होम प्रबंधन, डॉ. नेहुल झा और रतनपुर पुलिस का पक्ष उपलब्ध नहीं है. उनके पक्ष तथा जांच के निष्कर्ष सामने आने पर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



