कबीरधाम में 12.50 लाख की चोरी, छत के रास्ते घर में घुसा बेटा, पिता के साथ मिलकर बदलते रहे ठिकाने, पिता-पुत्र दोनों गिरफ्तार, 11.53 लाख रुपये बरामद
Theft of ₹12.50 lakh in Kabirdham; son entered the house via the roof, and the duo kept changing locations; both father and son arrested, and ₹11.53 lakh recovered.
कबीरधाम : कबीरधामसिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम मझगांव में घर से 12 लाख 50 हजार रुपए चोरी होने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है. आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की रकम में से 11 लाख 53 हजार रुपए बरामद किए गए हैं. तकनीकी सबूतों के विश्लेषण और लगातार पतासाजी के बाद दोनों आरोपियों तक पहुंच बनाई गई.
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम मझगांव निवासी हीरालाल साहू ने 24 सितंबर को सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 15 सितंबर की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर में प्रवेश कर आलमारी के लॉकर में रखे 12 लाख 50 हजार रुपए चोरी कर लिए.
घटना के समय परिवार के कुछ लोगों ने चेहरे पर गमछा बांधे एक संदिग्ध व्यक्ति को घर से बाहर निकलते देखा था. इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई. बड़ी रकम की चोरी को देखते हुए पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू की. पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देश पर साइबर थाना और सिटी कोतवाली की संयुक्त टीम बनाई गई. टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों की जानकारी जुटाई. इसके साथ ही तकनीकी सबूतों का भी विश्लेषण किया गया. जांच के दौरान पुलिस को ग्राम मझगांव निवासी कमलेश पटेल उम्र 19 साल की गतिविधियां संदिग्ध लगीं.
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि कमलेश ने अपने पुराने मकान की छत के रास्ते हीरालाल साहू के घर में प्रवेश किया. घटना के समय गणेश चतुर्थी की वजह से गांव में लोगों की आवाजाही कम थी. इसी का फायदा उठाकर आरोपी ने घर में प्रवेश किया और आलमारी के लॉकर में रखी रकम निकाल ली. वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से निकल गया.
पुलिस पूछताछ में कमलेश ने चोरी की रकम के बारे में अपने पिता भागवत पटेल उम्र 50 साल को बताने की बात कबूल की. इसके बाद चोरी की रकम को अलग-अलग जगहों पर छिपाया गया. आरोपियों ने पहले रकम को पुराने मकान में रखा. बाद में कुछ पैसे खेत में बने बोर के कमरे में छिपाए गए. इसके बाद बाकी रकम को घर की आलमारी में रख दिया गया. दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से कुल 11 लाख 53 हजार रुपए बरामद किए. चोरी की कुल रकम 12 लाख 50 हजार रुपए बताई गई थी. बाकी रकम का कुछ हिस्सा आरोपियों द्वारा खर्च कर दिया गया.
मामले में पुलिस ने कमलेश पटेल और उसके पिता भागवत पटेल को 29 सितंबर को गिरफ्तार कर लिया. दोनों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि चोरी की रकम का कितना हिस्सा कहां खर्च किया गया और वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी. हालांकि अब तक की जांच में पिता-पुत्र की भूमिका सामने आई है. इस कार्रवाई में साइबर थाना और सिटी कोतवाली की संयुक्त टीम ने तकनीकी सबूतों और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान की। चोरी की बड़ी रकम बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले में आगे की जांच जारी रखी है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



