खरीफ सीजन से पहले किसानों को राहत, धमतरी के किसानों को बिना टोकन मिलेगा खाद, कालाबाजारी और अधिक कीमत वसूली पर होगी कार्रवाई

Relief for farmers before the Kharif season; Dhamtari farmers will get fertilizer without tokens; action will be taken against black marketing and overpricing.

खरीफ सीजन से पहले किसानों को राहत, धमतरी के किसानों को बिना टोकन मिलेगा खाद, कालाबाजारी और अधिक कीमत वसूली पर होगी कार्रवाई

धमतरी : खरीफ सीजन की तैयारी कर रहे किसानों के लिए राहत भरी खबर है. जिले में अब किसानों को खाद वितरण के लिए टोकन व्यवस्था की प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा. प्रशासन द्वारा उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए वितरण व्यवस्था को सरल और पारदर्शी बनाया गया है. किसानों को उनके रकबे और जरुरत के मुताबिक यूरिया, डीएपी और सुपर फास्फेट खाद उपलब्ध कराया जाएगा. प्रशासन का मकसद किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराना तथा कालाबाजारी पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करना है.
जिले की 96 सहकारी समितियों में कुल 37 हजार 238 मीट्रिक टन उर्वरक का भंडारण किया गया है और वितरण प्रक्रिया भी शुरु कर दी गई है. किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए खाद वितरण की सतत मॉनिटरिंग की जा रही है. कृषि विभाग ने किसानों से संतुलित मात्रा में उर्वरकों के उपयोग की अपील करते हुए कहा है कि मिट्टी की उर्वरा शक्ति बनाए रखने के लिए वैज्ञानिक पद्धति अपनाना जरुरी है. साथ ही किसी भी तरह की अनियमितता की शिकायत सीधे कृषि विभाग कार्यालय में दर्ज कराई जा सकती है.
निजी विक्रेताओं और खाद दुकानों का नियमित किया जा रहा निरीक्षण
कलेक्टर के निर्देशानुसार कृषि विभाग की टीम द्वारा निजी विक्रेताओं और खाद दुकानों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है. अनियमितता, कालाबाजारी या निर्धारित दर से ज्यादा कीमत वसूले जाने की शिकायत मिलने पर संबंधितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
छोटे और सीमांत किसानों को दी जाएगी प्राथमिकता
नई व्यवस्था के तहत किसानों को प्रति एकड़ के आधार पर संतुलित मात्रा में खाद उपलब्ध कराया जाएगा. छोटे एवं सीमांत किसानों को प्राथमिकता देते हुए सभी किसानों को उनका निर्धारित कोटा उपलब्ध कराया जाएगा. 2.50 एकड़ तक जमीन रखने वाले किसानों को दो किस्तों में खाद उपलब्ध कराया जाएगा. जबकि इससे ज्यादा रकबा वाले किसानों को निर्धारित मानकों के मुताबिक उर्वरक वितरित किया जाएगा.
जिले में खाद पर्याप्त मात्रा में मौजूद- कलेक्टर अबिनाश मिश्रा
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि खरीफ सीजन को देखते हुए जिले में किसानों के लिए खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है. किसानों को बिना किसी परेशानी के समय पर उर्वरक उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि सभी सहकारी समितियों में पर्याप्त मात्रा में खाद का भंडारण किया गया है और वितरण व्यवस्था को सरल और पारदर्शी बनाया गया है.
कालाबाजारी और अधिक कीमत वसूली पर होगी कार्रवाई
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि खाद की कालाबाजारी और ज्यादा कीमत वसूली को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. इसके लिए कृषि विभाग एवं प्रशासन की टीम लगातार निरीक्षण कर रही है. उन्होंने किसानों से अपील किया कि वे संतुलित मात्रा में उर्वरकों का उपयोग करें. और किसी भी तरह की अनियमितता की जानकारी फौरन कृषि विभाग को दें. प्रशासन को भरोसा है कि इस नई व्यवस्था से किसानों को समय पर खाद उपलब्ध होगा और खरीफ सीजन में फसल उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी.

ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t