धमतरी में ACB अधिकारी बनकर घर में घुसकर गोली मारने की धमकी, लैपटॉप-मोबाइल और ढाई लाख का सामान लेकर फरार, आरोपी हितेश गिरफ्तार
In Dhamtari, the accused—Hitesh—posed as an ACB officer to enter a home, threatened to shoot the occupants, and fled with a laptop, a mobile phone, and goods worth ₹2.5 lakh; he has since been arrested.
धमतरी : खुद को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) का बड़ा अधिकारी बताकर घर में अनाधिकृत रूप से प्रवेश करने, गोली मारने की धमकी देने और लैपटॉप, मोबाइल और वनप्लस पैड सहित करीब ढाई लाख रुपये का सामान ले जाने के मामले में फरार आरोपी को सिविल लाइन रुद्री पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे 22 सितंबर को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.
मिली जानकारी के मुताबिक थाना सिविल लाइन रुद्री पुलिस को अपराध क्रमांक 62/2026 में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में कामयाबी मिली. मामले में प्रार्थी ने थाना सिविल लाइन रुद्री में शिकायत किया था कि कुछ लोग उसके घर पहुंचे और खुद को एंटी करप्शन ब्यूरो का बड़ा अधिकारी बताया. आरोपी बिना अनुमति घर में घुस गए और प्रार्थी को गोली मारने की धमकी दी. इसके बाद घर में रखे लैपटॉप, वनप्लस पैड और आठ मोबाइल फोन अपने साथ ले गए. ले जाए गए सामान की कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है.
शिकायत पर दर्ज किया गया था मामला
प्रार्थी की शिकायत के आधार पर थाना सिविल लाइन रुद्री में अपराध क्रमांक 62/2026 दर्ज किया गया. पुलिस ने शुरुआत में भारतीय न्याय संहिता की धारा 319(2), 331(3), 308(4), 351(2) और 3(5) के तहत जुर्म दर्ज कर जांच शुरु की. जांच आगे बढ़ने के बाद मामले में बीएनएस की धारा 335 और 309(4) भी जोड़ी गई। पुलिस ने मामले से जुड़े आरोपियों की तलाश शुरू की और जांच के दौरान दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था. इनमें जल विहार कॉलोनी गली नंबर-2 रुद्री निवासी रामचंद देवांगन उम्र 40 साल और पटना जिला कोरिया निवासी नागेंद्र पटेल उम्र 34 साल शामिल हैं. दोनों आरोपियों को 29 नवंबर 2025 को गिरफ्तार किया गया था.
कोरिया का आरोपी चल रहा था फरार
मामले में एक अन्य आरोपी हितेश सिंह फरार चल रहा था. पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी. फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान रुद्री पुलिस को आरोपी के बारे में जानकारी मिली. इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे 22 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार आरोपी हितेश सिंह पिता गणेश बहादुर सिंह ग्राम सलका बड़कापारा, थाना एवं जिला बैकुंठपुर, जिला कोरिया का रहने वाला है. गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई पूरी की गई और उसे अदालत के सामने पेश किया गया. अदालत के हुक्म पर आरोपी को जेल भेज दिया गया है. मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



