पालिका की तैयार दुकानों को छोड़ सुरक्षा नियमों को ताक में रख मंदिर परिसर में लगवा दी दुकानें, पार्षदों और अध्यक्ष ने SDM के खिलाफ खोला मोर्चा

Ignoring the shops already prepared by the municipal body and flouting safety regulations, shops were set up within the temple premises; councilors and the chairperson have launched a protest against the SDM.

पालिका की तैयार दुकानों को छोड़ सुरक्षा नियमों को ताक में रख मंदिर परिसर में लगवा दी दुकानें, पार्षदों और अध्यक्ष ने SDM के खिलाफ खोला मोर्चा

बिलासपुर/रतनपुर : दीपावली पर मां महामाया की नगरी रतनपुर में इस बार रोशनी से ज्यादा पटाखा बाजार की जगह को लेकर विवाद है. नगर पालिका ने मेला मैदान में सुरक्षा के लिहाज से टीन शेड वाली दुकानें तैयार कर रखी थीं. लेकिन कोटा SDM मैडम ने महामाया मंदिर परिसर में पटाखा दुकानों के लाइसेंस जारी कर दिया. दुकानें लग गईं और खरीदारी भी शुरु हो गई.
नगर पालिका अध्यक्ष लवकुश कश्यप सहित भाजपा–कांग्रेस के पार्षदों ने फैसले पर आपत्ति जताई. विरोध और धरने के बीच तहसीलदार, अतिरिक्त तहसीलदार, CMO और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे. निरीक्षण के बाद कमियां दूर कराने के लिए नोटिस जारी करने की बात कही गई. तहसीलदार ने पंचनामा तो बनाया. लेकिन कैमरे पर जवाब देने के बजाय SDM मैडम से पूछने की बात कही. सवाल अब भी वही है. जब सुरक्षित व्यवस्था पहले से तैयार थी. तो मंदिर परिसर में पटाखा बाजार लगाने की जरूरत आखिर क्यों पड़ी?
धर्मनगरी रतनपुर में इस बार पटाखा बाजार को लेकर प्रशासनिक फैसले ने कई सवालों की चिंगारी सुलगा दी है. मां महामाया की नगरी में कोटा SDM मैडम का ऐसा कौन–सा पटाखा प्रेम जागा कि नगर पालिका की तरफ से तैयार दुकानों को छोड़कर महामाया मंदिर परिसर में ही पटाखा दुकानों के लाइसेंस जारी कर दिया गया? स्थानीय लोगों के बीच सवाल उठना लाजिमी है कि जब वैकल्पिक व्यवस्था पहले से तैयार थी. तो फिर मंदिर परिसर को ही क्यों चुना गया?
मंदिर परिसर में पटाखा बाजार, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
नगर पालिका अध्यक्ष लवकुश कश्यप सहित भाजपा और कांग्रेस के पार्षदों ने SDM मैडम के इस फैसले पर आपत्ति जताई है. अध्यक्ष का आरोप है कि मंदिर परिसर के आसपास आवासीय क्षेत्र और पुरातात्विक महत्व का क्षेत्र होने के बावजूद सुरक्षा के जरूरी पहलुओं को नजरअंदाज किया गया. फायर बकेट सहित अग्नि सुरक्षा के इंतजामों को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं.
पटाखों का बाजार कोई सामान्य अस्थायी बाजार नहीं होता. यहां आग से बचाव, दुकानों के बीच निर्धारित दूरी, अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन रास्ते और वैध लाइसेंस जैसी व्यवस्थाओं का पालन बेहद जरूरी है. ऐसे में सवाल है कि क्या इन सभी बिंदुओं की जांच लाइसेंस जारी करने से पहले की गई थी? क्या संबंधित विभागों से रिपोर्ट ली गई थी? और क्या मंदिर परिसर को पटाखा दुकानों के लिए उपयुक्त मानने का कोई निरीक्षण प्रतिवेदन मौजूद है?
विरोध और धरने के बाद प्रशासनिक अमला मौके पर
फैसले के विरोध और पार्षदों के धरने के बीच तहसीलदार और अतिरिक्त तहसीलदार के साथ नगर पालिका CMO तथा थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण किया. वहां मौजूद कमियों को पूरा कराने के लिए नोटिस जारी करने की बात कही गई.
लेकिन यहां एक अहम सवाल खड़ा होता है. अगर मौके पर कमियां मिली हैं. तो क्या लाइसेंस जारी करने से पहले इनकी जांच नहीं होनी चाहिए थी? क्या पहले अनुमति और दुकानें लगने दी गईं. फिर सुरक्षा इंतजामों की कमियां देखने अधिकारी पहुंचे? प्रशासन को यह स्पष्ट करना चाहिए कि निरीक्षण में आखिर कौन–कौन सी कमियां सामने आईं और उन्हें दूर करने की जिम्मेदारी किसकी तय की गई है.
पंचनामा बना, लेकिन तहसीलदार ने कैमरे पर जवाब SDM मैडम के हवाले किया
मौके पर पहुंचे तहसीलदार ने निरीक्षण के दौरान पंचनामा तैयार किया. लेकिन जब मीडिया ने उनसे पूरे मामले और अनुमति को लेकर सवाल किए. तो वे कैमरे पर विस्तार से कुछ कहने को तैयार नहीं हुए. उन्होंने कहा कि इस मामले की पूरी जानकारी SDM मैडम ही देंगी.
अब सवाल यह है कि जब तहसीलदार मौके पर निरीक्षण कर रहे हैं, पंचनामा तैयार कर रहे हैं और कमियां दूर कराने के लिए नोटिस जारी करने की बात भी सामने आ रही है. तो फिर उन कमियों और कार्रवाई की जानकारी जनता को कौन देगा? पंचनामा में क्या दर्ज हुआ, क्या उसकी प्रति सार्वजनिक होगी और क्या प्रशासन यह बताएगा कि अनुमति देने से पहले सुरक्षा की जांच किस स्तर पर हुई थी?
मेला मैदान में दुकानें तैयार थीं, फिर मंदिर परिसर में लाइसेंस क्यों?
इस पूरे विवाद का सबसे बड़ा सवाल यही है कि नगर पालिका ने मेला मैदान में सुरक्षा के लिहाज से टीन शेड वाली दुकानें तैयार कर रखी थीं. हर साल पटाखा बाजार भी इसी इलाके में लगता रहा है. फिर इस बार जगह बदलने का आधार क्या था?
क्या नगर पालिका से इस संबंध में समन्वय किया गया था? क्या जमीन के स्वामित्व और अस्थायी उपयोग की अनुमति से जुड़े दस्तावेज देखे गए थे? क्या मंदिर परिसर की धार्मिक और पुरातात्विक संवेदनशीलता पर विचार किया गया था? और क्या अग्नि सुरक्षा की व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों की सहमति ली गई थी?
सिर्फ लाइसेंस जारी कर देना ही पर्याप्त नहीं है. यह भी जरूरी है कि जिस स्थान पर दुकानें लगाने की अनुमति दी जा रही है, वहां सुरक्षा के सभी जरूरी इंतजाम पहले से सुनिश्चित हों.
रोशनी के त्योहार में सुरक्षा का सवाल अनदेखा न हो
रतनपुर में पटाखा बाजार को लेकर उठे सवालों का जवाब सिर्फ नोटिस जारी करने से नहीं मिलेगा. नगर पालिका की तैयार दुकानों को छोड़कर मंदिर परिसर में बाजार लगाने का फैसला क्यों लिया गया. यह प्रशासन को साफ करना होगा. SDM मैडम को सामने आकर अनुमति का आधार और सुरक्षा इंतजामों की स्थिति बतानी चाहिए. नगर पालिका अध्यक्ष और पार्षदों की आपत्तियों पर भी प्रशासन का पक्ष सामने आना जरूरी है.
आखिर दीपावली पर रोशनी और खुशियां बांटनी हैं. जोखिम नहीं। पटाखों की दुकानें कुछ दिनों के लिए लगती हैं. लेकिन सुरक्षा में हुई चूक का परिणाम बहुत दूर तक जा सकता है.
सवाल पटाखा बाजार लगाने का नहीं. सवाल यह है कि जब सुरक्षित व्यवस्था पहले से तैयार थी तो फिर जोखिम वाले सवालों के बीच दूसरी जगह बाजार लगाने का फैसला किस आधार पर लिया गया.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb