लव मैरिज के बाद पिता की हैवानियत, छह महीने की बेटी को दो बार जमीन पर पटका, जिंदगी की जंग लड़ रही मासूम, आरोपी आशीष गिरफ्तार
Father’s brutality following a love marriage: he slammed his six-month-old daughter onto the ground twice; the innocent child is now fighting for her life; the accused, Ashish, has been arrested.
रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक मासूम बच्ची घरेलू विवाद का शिकार हो गई. मां के मायके जाने से नाराज पिता पर छह महीने की बेटी को जमीन पर पटकने का आरोप है. बच्ची के सिर और शरीर में गंभीर चोटें आई हैं. उसका रायपुर AIIMS में इलाज चल रहा है. हालत नाजुक होने की वजह से बच्ची को वेंटिलेटर पर रखा गया है. मां की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. यह मामला सरस्वती नगर थाना क्षेत्र का है.
मायके जाने की बात पर घर में शुरु हुआ झगड़ा
मिली जानकारी के मुताबिक करीब नौ महीने पहले सरगम कावरिया की आशीष कावरिया उम्र 21 साल से कोर्ट मैरिज हुई थी. दोनों की छह महीने की बेटी हिमानी है. रायपुर के कोटा इलाके में 14 अक्टूबर की रात छह महीने की हिमानी अपनी मां सरगम कावरिया के साथ समता कॉलोनी स्थित ननिहाल गई थी. वहां से मां अपनी बेटी को लेकर कोटा की बीएसयूपी कॉलोनी स्थित घर लौटी. रात करीब नौ बजे बच्ची का पिता घर पहुंचा. उसे पत्नी के मायके जाने की बात पसंद नहीं आई. इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच बहस शुरु हो गई. पति ने पत्नी के साथ गाली-गलौज की. इसके बाद उसके साथ मारपीट भी की गई. घर में शुरु हुआ विवाद कुछ समय बाद और गंभीर हो गया.
बिस्तर से उठाकर बच्ची को जमीन पर पटका
रात करीब डेढ़ बजे दंपती के बीच फिर विवाद हुआ. इसी दौरान आरोपी पिता ने आपा खो दिया. उसकी छह महीने की बेटी बिस्तर पर लेटी हुई थी. आरोप है कि पिता ने अचानक बच्ची को बिस्तर से उठा लिया. इसके बाद उसे जोर से फर्श पर पटक दिया. इतने पर भी उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ. उसने मासूम को दोबारा उठाया और फिर जमीन पर दे मारा. इस घटना में बच्ची को गंभीर चोटें आईं. छह महीने की हिमानी अपने साथ हुई हिंसा का विरोध भी नहीं कर सकती थी. घरेलू झगड़े में सबसे ज्यादा नुकसान उसी मासूम को उठाना पड़ा.
सिर में गंभीर चोट, वेंटिलेटर पर मासूम
घटना के बाद बच्ची की हालत बिगड़ने लगी. परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे. नाजुक हालत को देखते हुए उसे रायपुर AIIMS में भर्ती कराया गया. हिमानी के सिर में गंभीर चोट आई है. उसके शरीर के अंदरूनी हिस्सों में भी चोटें होने की बात कही गई है. उसकी हालत नाजुक होने की वजह से डॉक्टरों ने वेंटिलेटर पर रखा है. अस्पताल में बच्ची का इलाज जारी है.
मां ने थाने पहुंचकर दर्ज कराई शिकायत
बेटी के साथ हुई घटना के बाद उसकी मां ने पुलिस से शिकायत की. मामला रायपुर के सरस्वती नगर थाने पहुंचा. महिला ने अपने पति पर मारपीट और बच्ची को जमीन पर पटकने का आरोप लगाया. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 351(2), 115(2), 109 के तहत केस दर्ज किया. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.
घरेलू विवाद में मासूम बनी हिंसा का शिकार
इस घटना ने परिवार के भीतर बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. पति-पत्नी के बीच शुरू हुए विवाद में छह महीने की बच्ची को गंभीर चोटें आईं. जिस उम्र में बच्चे माता-पिता की गोद में सुरक्षित महसूस करते हैं. उस उम्र में हिमानी अस्पताल में जिंदगी के लिए संघर्ष कर रही है बच्ची के साथ कथित हिंसा का आरोप उसी व्यक्ति पर लगा है, जिस पर उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी थी. घरेलू विवाद के दौरान बच्चों को निशाना बनाना बेहद गंभीर मामला है. ऐसे मामलों में बच्चे शारीरिक चोटों के साथ लंबे समय तक स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना कर सकते हैं.
अब बच्ची की सेहत और पुलिस जांच पर नजर
फिलहाल इस मामले में दो अहम पहलू सामने हैं. पहला छह महीने की हिमानी का इलाज और दूसरा आरोपी पिता के खिलाफ कानूनी कार्रवाई. पुलिस ने मां की शिकायत के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. वहीं बच्ची का AIIMS रायपुर में इलाज चल रहा है.
अब सबसे बड़ी चिंता मासूम की सेहत को लेकर है. डॉक्टरों की अगली मेडिकल रिपोर्ट से उसकी स्थिति साफ हो सकेगी. पुलिस जांच में घटना से जुड़े अन्य तथ्य भी सामने आ सकते हैं. यह मामला बताता है कि घर के भीतर होने वाली हिंसा कितनी खतरनाक हो सकती है. खासकर तब जब उसकी चपेट में छोटे बच्चे आ जाएं.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



