सावन के प्रथम सोमवार में उमड़ा आस्था का महासागर, भूतेश्वरनाथ धाम में हजारों श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क भंडारा, युवाओं की निस्वार्थ सेवा बनी मिसाल
An ocean of faith surged on the first Monday of Sawan; a free community feast was organized for thousands of devotees at Bhuteshwarnath Dham, and the selfless service of the youth set an inspiring example.
गरियाबंद : सावन मास की पावन बेला में भगवान भोलेनाथ की आराधना, सेवा और समर्पण का अनुपम संगम गरियाबंद स्थित प्रसिद्ध भूतेश्वरनाथ धाम में देखने को मिल रहा है. श्री भूतेश्वरनाथ युवा भंडारा समिति द्वारा सावन के प्रत्येक रविवार की तरह इस वर्ष भी श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के लिए विशाल निशुल्क भंडारे का आयोजन किया जा रहा है. समिति का यह सेवा अभियान लगातार सातवें वर्ष भी पूरे उत्साह, अनुशासन और श्रद्धा के साथ जारी है हजारों श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे युवा स्वयंसेवकों का समर्पण इस आयोजन को और भी विशेष बना रहा है.
रविवार को मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं, कांवड़ियों और भक्तों ने प्रसाद स्वरूप पुलाव, हलवा, चना-राजमा, चावल, कढ़ी एवं स्वादिष्ट सब्जी का प्रसाद ग्रहण किया. भोजन वितरण के दौरान समिति के सदस्य पूरी व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं की सेवा में लगे रहे दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने समिति की सेवा भावना, अनुशासित व्यवस्था और आत्मीय व्यवहार की मुक्त कंठ से प्रशंसा की.
गरियाबंद मुख्यालय से तीन किलोमीटर दूर घने जंगलों और हरी-भरी पहाड़ियों के बीच स्थित मरौदा गांव का भूतेश्वरनाथ धाम प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक आस्था का अद्भुत संगम है. यहां स्थित विशाल स्वयंभू शिवलिंग विश्व के सबसे बड़े प्राकृतिक शिवलिंगों में गिना जाता है. जिसके दर्शन के लिए हर वर्ष सावन मास में लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं. इस दौरान मंदिर परिसर “हर-हर महादेव”, “बम-बम भोले” और “बोल बम” के जयघोष से पूरी तरह भक्तिमय हो उठता है.
छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के अलावा ओडिशा सहित पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में कांवड़िए पैदल यात्रा कर भूतेश्वरनाथ धाम पहुंच रहे हैं. कई श्रद्धालु सैकड़ों किलोमीटर की कठिन पदयात्रा पूरी कर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करते हैं. महिलाओं, पुरुषों, युवाओं और बच्चों सहित हर आयु वर्ग के श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति से पूरा क्षेत्र शिवमय दिखाई देता है.
भंडारा समिति के सदस्य सुबह से ही भोजन प्रसाद की तैयारी में जुट जाते हैं. खाद्य सामग्री की व्यवस्था, भोजन निर्माण, प्रसाद वितरण, पेयजल, बैठने की व्यवस्था और साफ-सफाई तक हर जिम्मेदारी युवा स्वयंसेवक पूरी निष्ठा से निभाते हैं. दोपहर से प्रारंभ होने वाला निशुल्क भंडारा देर शाम तक निरंतर चलता है. ताकि कोई भी श्रद्धालु बिना प्रसाद ग्रहण किए वापस न लौटे श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष समिति ने मेडिकल किट और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था भी की है.
यात्रा के दौरान किसी श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ने या छोटी-मोटी स्वास्थ्य समस्या होने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा रही है समिति का यह प्रयास श्रद्धालुओं के बीच विशेष सराहना का विषय बना हुआ है.
समिति के अध्यक्ष दीप सिन्हा ने बताया कि दूर-दूर से आने वाले कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की सेवा करना उनके समिति के लिए भगवान भोलेनाथ की पूजा के समान है. उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल बाबा भूतेश्वरनाथ की असीम कृपा, समाज के सहयोग और युवाओं की निस्वार्थ सेवा भावना से संभव हो पा रहा है. प्रत्येक वर्ष लोगों का सहयोग बढ़ रहा है और बड़ी संख्या में नए युवा भी समिति से जुड़कर सेवा कार्य में भागीदारी निभा रहे हैं. हजारों श्रद्धालुओं को भोजन प्रसाद ग्रहण करते देख पूरी टीम को आत्मिक संतोष और नई ऊर्जा मिलती है. सावन के पवित्र महीने में भूतेश्वरनाथ धाम केवल आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, मानव सेवा और भारतीय संस्कृति के जीवंत स्वरूप का भी प्रतीक बन गया है. यहां पहुंचने वाला हर श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन के साथ सेवा, सहयोग और समर्पण की उस भावना का भी साक्षी बनता है. जो समाज को जोड़ने और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने का कार्य कर रही है. लगातार सात वर्षों से जारी यह सेवा अभियान आज क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन चुका है और आने वाले वर्षों में इसे और अधिक व्यापक स्वरूप देने की तैयारी भी समिति द्वारा की जा रही है.
इस मौके पर समिति के सदस्य दीप सिन्हा, प्रकाश सोनी, अनुराग केला, टायसन सिन्हा, सूरज सिन्हा, राहुल सिन्हा, अजय सिन्हा, गौरव पटेल, मोनू सिन्हा, राहुल साहू, रिक्की गुप्ता, पंकज सिन्हा, युगल शर्मा, भावेश सिन्हा, भानु राजपुत, गोविन्द सिन्हा, हरीश ठक्कर, महेन्द्र उइके, हेमंत सिन्हा, लव पाण्डेय, आदित्य यादव, वीरू यादव, आशु राजपूत, आशु कंसारी, प्रांजल ठाकुर, क्षितिज गुप्ता, हर्षित अग्रवाल, केशु सिन्हा, शेषनारायण देवांगन और सुनिल यादव नमन सिन्हा कान्हा सोनी मौजूद रहे.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



