चार साल की मासूम को लेकर महाराष्ट्र भागा आरोपी, मची सनसनी, चंद घंटों में बच्ची महाराष्ट्र से बरामद, आरोपी गिरफ्तार, सीसीटीवी फुटेज ने खोला रास्ता

Accused flees to Maharashtra with four-year-old girl, sparking a sensation; child rescued from Maharashtra within hours and accused arrested; CCTV footage provided the breakthrough.

चार साल की मासूम को लेकर महाराष्ट्र भागा आरोपी, मची सनसनी, चंद घंटों में बच्ची महाराष्ट्र से बरामद, आरोपी गिरफ्तार, सीसीटीवी फुटेज ने खोला रास्ता

रायपुर : राजधानी रायपुर के वेस्ट जोन में 4 साल की मासूम बच्ची के अपहरण के मामले में पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर बच्ची को नागपुर ग्रामीण, महाराष्ट्र से सकुशल बरामद कर लिया. पुलिस ने आरोपी अमृत पाल सिंह को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से बच्ची को छुड़ाया. आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया. 
मिली जानकारी के मुताबिक 5 अक्टूबर 2026 को पीड़ित पक्ष ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि अमृत पाल सिंह नाम का व्यक्ति उनकी 4 साल की बच्ची को अपने साथ ले गया है. शिकायत मिलते ही जुर्म दर्ज कर जांच शुरू की गई. और पुलिस उपायुक्त वेस्ट जोन राबिन्सन गुरिया और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई. टीम ने सबसे पहले घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले.
सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी जानकारियों के विश्लेषण के दौरान पुलिस को आरोपी के बच्ची को लेकर महाराष्ट्र की ओर जाने की संभावना दिखाई दी। इसके बाद पुलिस टीम को महाराष्ट्र के लिए रवाना किया गया. साथ ही साकोली पुलिस और मौदा पुलिस से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी साझा की गई. रायपुर पुलिस और महाराष्ट्र पुलिस के बीच तालमेल के बाद आरोपी की तलाश तेज कर दी गई. लगातार खोजबीन और तकनीकी निगरानी के दौरान पुलिस को आरोपी की गतिविधियों से जुड़ी अहम जानकारी मिली.
आखिरकार मौदा टोल प्लाजा के पास आरोपी को बच्ची के साथ पकड़ लिया गया. पुलिस ने बच्ची को उसके कब्जे से सुरक्षित बाहर निकाला. बच्ची की सकुशल बरामदगी के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली और आरोपी को हिरासत में लिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमृत पाल सिंह पिता स्व निर्मल सिंह उम्र 32 साल निवासी अमृतसर पिथ्थी, थाना पिथ्थी, अमृतसर, पंजाब के रूप में हुई है. वर्तमान में वह रायपुर के कबीर नगर थाना क्षेत्र के हीरापुर गुरुद्वारा के पास साकुरे पोल्ट्री फार्म में किराए के मकान में रह रहा था.
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की और उसे अदालत के सामने पेश किया. अदालत के आदेश के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया. इस कार्रवाई में सीसीटीवी फुटेज, आरोपी की लोकेशन का विश्लेषण और महाराष्ट्र पुलिस का सहयोग बेहद अहम रहा. समय रहते टीमों के बीच तालमेल होने से बच्ची को कुछ ही घंटों के भीतर सुरक्षित बरामद किया जा सका.
इस पूरी कार्रवाई में मौदा पुलिस, साकोली पुलिस महाराष्ट्र के साथ रायपुर पुलिस टीम के सउनि सुशील शुक्ला, पीएसआई अजय सोनी, प्रधान आरक्षक संजय सिंह, आरक्षक सुरजित सिंह सेंगर, आरक्षक ज्ञानचंद साहू तथा क्राइम यूनिट के सउनि परिहार और राकेश पाण्डेय की अहम भूमिका रही. फिलहाल बच्ची को सकुशल परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की गई है. अपहरण के पीछे की वजह और आरोपी की मंशा फिलहाल साफ नहीं हो सकी है. पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb