नो एंट्री के बाद दौड़ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को कुचला, एक युवक की दर्दनाक मौत, दूसरा गंभीर, वाहन लेकर ड्राइवर फरार, गांव में पसरा मातम
A speeding truck, traveling past a no-entry zone, crushed two bike riders, one tragically killed, another seriously injured, the driver fled with the vehicle, and the village was plunged into mourning.
बलरामपुर/कुसमी : रामानुजगंज जिले के कुसमी-राजपुर मुख्य मार्ग पर देर रात करीब 11 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. जिसमें मोटरसाइकिल सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में से एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई. जबकि दूसरा अब भी नाजुक हालत में है. यह हादसा ऊपर कुसमी स्थित आशीर्वाद ढाबा के पास हुआ है.
मिली जानकारी के मुताबिक हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड के खान प्रभाग सामरी से बॉक्साइट खनन और परिवहन का काम जिएन कंस्ट्रक्शन को सौंपा गया है. इसी कंपनी में पंजीकृत बॉक्साइट लोड ट्रक नम्बर CG 15 EC 8144 नो-एंट्री समय खत्म होने के बाद छत्तीसगढ़ राज्य के सामरी से उत्तर प्रदेश राज्य के रेणुकूट बॉक्साईट डंपिंग यार्ड की तरफ़ रवाना हुआ था. जैसे ही ट्रक ऊपर कुसमी स्थित आशीर्वाद ढाबा के पास पहुंचा. उसी दौरान उसने एक मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया.
चश्मदीदों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल सवार ग्राम पंचायत करकली अंतर्गत जिरहुल मार्ग के ग्राम डाडटोली निवासी चीकू उरांव और मंदीप उरांव सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही तड़पने लगे. हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई.
स्थानीय लोगों ने कुसमी पुलिस को खबर दी. हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक मौके का फायदा उठाकर वाहन सहित फरार हो गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर रात में ही पुलिस द्वारा और ज्यादा सक्रियता दिखाई जाती. तो ट्रक को पकड़ना संभव हो सकता था. फिलहाल पुलिस फरार ट्रक की तलाश में जुटी हुई है और पूरे मामले की जांच कर रही है.
खबर मिलने पर कुसमी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को कुसमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया गया. वहां ड्यूटी पर तैनात मेडिकल ऑफिसर डॉ. शशिलता तिर्की ने प्राथमिक उपचार किया. दोनों की हालत नाजुक होने की वजह से उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर किया गया.
सूत्रों के मुताबिक गंभीर रूप से घायल चीकू उरांव की अंबिकापुर में उपचार के दौरान मौत हो गई. जबकि मंदीप उरांव के सिर में गंभीर चोट आने से उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है.
वहीं मृतक एवं घायल के परिजनों द्वारा थाना कुसमी में अब तक कोई लिखित आवेदन नहीं किया गया है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल को अपने कब्जे में ले लिया है.
गौरतलब है कि क्षेत्र में बॉक्साइट परिवहन से जुड़े भारी वाहनों को लेकर पहले भी लगातार सवाल उठते रहे हैं. ऐसे मामलों में सामान्यतः मृतक के परिजनों को निर्धारित सहायता राशि दिए जाने की बात सामने आती रही है. लेकिन इस हादसे में अब तक किसी तरह की आर्थिक सहायता परिजनों को नहीं दी गई है. साथ ही आश्चर्यजनक रूप से इस मामले में अब तक किसी भी सामाजिक या श्रमिक संगठन ने सक्रियता नहीं दिखाई है. जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी व्याप्त है. फिलहाल यह पूरा मामला जांच का विषय बना हुआ है. घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है. वहीं प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की अपेक्षा जताई गई.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



