मील पत्थर से टकराकर कार के उड़े परखच्चे इंजन अलग, पहिया ड्राइवर सीट में फंसा, कुर्रा से लौट रहे 5 की हालत नाजुक, धमतरी में इलाज जारी, नशा बनी वजह!

The car was blown to pieces after hitting a milestone, the engine got separated, the wheel got stuck in the driver's seat, the condition of 5 people returning from Kurra is critical, treatment is going on in Dhamtari, intoxication was the reason!

मील पत्थर से टकराकर कार के उड़े परखच्चे  इंजन अलग, पहिया ड्राइवर सीट में फंसा, कुर्रा से लौट रहे 5 की हालत नाजुक, धमतरी में इलाज जारी, नशा बनी वजह!

धमतरी : धमतरी जिले के अमलीडीह-भिराई मार्ग पर रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार हुंडई i10 कार नम्बर CG 04 HP 9877 अनियंत्रित होकर मील पत्थर से टकराने के बाद सड़क किनारे नाली में जा गिरी. हादसे में कार सवार छह लोगों में से पांच गंभीर रूप से घायल हो गए. जबकि एक व्यक्ति को मामूली चोटें आई हैं. सभी घायलों का जिला अस्पताल धमतरी में इलाज जारी है.
कुर्रा से लौट रहे थे सभी सवार
मिली जानकारी के मुताबिक थाना सनौद क्षेत्र के ग्राम भिराई निवासी महेश निर्मलकर, तोरण साहू (पंचायत सचिव), ऐश कुमार, मुकेश साहू, विजय साहू और रोशन साहू किसी काम से कुर्रा (धमतरी) गए हुए थे. वापसी के दौरान दोपहर करीब 2:30 बजे ग्राम भिराई से करीब 400 मीटर पहले ड्राइवर महेश निर्मलकर वाहन से नियंत्रण खो बैठा. जिसके बाद यह हादसा हुआ.
टक्कर इतनी भीषण कि इंजन और पहिया अलग हो गए
चश्मदीदों के मुताबिक कार पहले सड़क किनारे लगे मील पत्थर से टकराई और फिर सड़क पार कर पक्की नाली में जा गिरी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का इंजन वाहन से अलग होकर नाली में जा फंस गया. इसके बाद कार कई बार घूमते हुए सड़क के दूसरी तरफ स्थित नाली किनारे लगे बांस के पेड़ से टकराकर रुकी. हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वाहन का अगला पहिया टूटकर निकल गया और ड्राइवर सीट तक जा पहुंचा.
घायलों को भेजा गया अस्पताल, हालात नाजुक
हादसे के बाद सभी सवार कुछ समय के लिए बेहोश हो गए. कुछ मिनट बाद मुकेश साहू को होश आया. जिन्होंने कार का दरवाजा तोड़कर बाहर निकलने में कामयाबी पाई. इसके बाद वे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी पहुंचे. जहां इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई. वहीं अन्य पांच घायलों को 108 एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल धमतरी पहुंचाया गया. गंभीर रूप से घायल तोरण साहू को बेहतर इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल रेफर किया गया है.
नशे में होने की आशंका, पुलिस कर रही जांच
हादसे की खबर मिलते ही सनौद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. शुरूआती जानकारी के मुताबिक कार महेश निर्मलकर चला रहा था. जिसकी हालत भी नाजुक बनी हुई है. स्थानीय स्तर पर यह आशंका जताई जा रही है कि कार सवार लोग शराब के नशे में हो सकते थे. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस का कहना है कि हादसे की असल वजह का खुलासा घायलों के बयान, मेडिकल चेकअप और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t