GRP को मिली बड़ी कामयाबी, दुर्ग रेलवे स्टेशन से किडनैप 18 महीने का बच्चा तमिलनाडु से बरामद, आरोपी अरुमुगम गिरफ्तार
GRP got a big success, 18 month old child kidnapped from Durg railway station was recovered from Tamil Nadu, accused Arumugam arrested
दुर्ग- शासकीय रेल पुलिस चौकी दुर्ग, थाना रेल पुलिस भिलाई ने त्वरित कार्यवाही करते हुए रेलवे स्टेशन दुर्ग से अपहृत 18 महीने के मासूम को तमिलनाडु के तंजावूर से सही सलामत बरामद कर लिया है. इस मामले में पुलिस ने आरोपी अरुमुगम उम्र 45 साल निवासी तिरुनिलपुडी, तंजावूर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक 26 जुलाई की रात सूर्या मानिकपुरी अपनी पत्नी सोनू मानिकपुरी और दो बच्चों (उम्र 3 साल और उम्र 18 महिना) के साथ रेलवे स्टेशन दुर्ग स्थित टिकट बुकिंग काउंटर के पास सो रहे थे. सुबह 4 बजे जागने पर उन्होंने देखा कि उनका 18 महीने का बेटा गायब है. इस खबर पर गुम इंसान कायम कर पुलिस ने सर्वोच्च न्यायालय की गाइडलाइन के तहत अपहरण का मामला दर्ज किया.
रेल पुलिस अधीक्षक रायपुर श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा और उप पुलिस अधीक्षक एस.एन. अख्तर के निर्देशन में सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए. इसमें आरोपी को मासूम को लेकर पुरी-गांधीधाम एक्सप्रेस की बोगी में चढ़ते देखा गया. आगे नागपुर स्टेशन पर आरोपी बच्चे के साथ दिखा. शक होने पर चंद्रपुर में आरपीएफ ने पूछताछ की. जहां आरोपी ने बच्चा अपना बताते हुए आधार कार्ड पेश किया. उस समय उसे छोड़ दिया गया. इस दौरान आरपीएफ ने आरोपित के आधार कार्ड की फोटो खींच ली थी.
पुलिस टीम ने तफ्तीश जारी रखते हुए आरोपी की लोकेशन तमिलनाडु के तंजावूर तक ट्रेस की. उप निरीक्षक जनकलाल तिवारी के नेतृत्व में टीम आरोपी के घर पहुंची और बच्चे को बरामद कर उसकी मां सोनू मानिकपुरी को सौंपा. मां को देखते ही मासूम रोते हुए उसकी गोद में चला गया.
आरोपी अरुमुगम को 10 अगस्त को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया. जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया. बच्चे के माता पिता सूर्या-सोनू मानिकपुरी मजदूर वर्ग के हैं और स्टेशन परिसर के आसपास ही रहते हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



