मटर का दाना फेफड़े में फंसने से 3 साल के मासूम की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम, पूरे गांव में शोक का माहौल
A 3-year-old innocent died a painful death after a pea got stuck in his lungs, there was chaos in the family, an atmosphere of mourning in the entire village
दुर्ग : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है. जहां मटर का दाना फेफड़े में फंस जाने से तीन साल के मासूम की मौत हो गई. यह दिल दहला देने वाला मामला जामगांव आर थाना क्षेत्र के ग्राम पौहा का है. मृतक बच्चे का नाम सिद्धांत बालकिशोर बताया गया है. हादसे के बाद से पूरे गांव में शोक का माहौल है. वहीं परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है.
मिली जानकारी के मुताबिक सिद्धांत घर में मटर खाते हुए मोबाइल देख रहा था. उसी दौरान चाचा ने मोबाइल छीन लिया. जिससे बच्चा घबरा गया और अचानक मटर का दाना उसके गले में फंस गया. पहले तो परिवार को लगा कि बच्चा खांसते-खांसते ठीक हो जाएगा. लेकिन कुछ ही देर में उसकी सांसें अटकने लगीं और उसकी हालत बिगड़ने लगी. परिजनों ने फौरन बच्चे को बचाने के लिए देशी नुस्खों का सहारा लिया.
किसी ने पीठ थपथपाई. किसी ने सिर नीचे कर झटका देने की कोशिश की. लेकिन कोई उपाय कारगर नहीं हुआ. जब हालत ज्यादा नाजुक हो गई. तो परिजन बच्चे को लेकर शंकराचार्य अस्पताल की तरफ रवाना हुए. लेकिन रास्ते में ही मासूम ने दम तोड़ दिया. हादसे के बाद पूरे परिवार पर गम का पहाड़ टूट पड़ा है. घर में मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस असामयिक मौत से हैरान है.
परिजनों ने बताया कि सिद्धांत काफी चंचल और हंसमुख बच्चा था और पूरे परिवार का लाड़ला था. इस दिल दहला देने वाले हादसे ने बच्चों की देखरेख और खाने के दौरान मोबाइल उपयोग के खतरों को लेकर सावधानी बरतने की जरुरत पर एक बार फिर से गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
चिकित्सकों का भी मानना है कि खाने के दौरान बच्चों को मोबाइल से दूर रखना चाहिए. ताकि उनका ध्यान भोजन पर रहे और इस तरह के हादसे न हों. पुलिस ने हादसे की जानकारी ली है. हालांकि परिजनों की तरफ से किसी तरह की शिकायत नहीं की गई है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



