गिरवी मोबाइल छुडाने के लिए मांगे पैसे, 500 के लिए बुजुर्ग महिला को उतारा मौत के घाट, 6 दिन बाद हुआ अंधे कत्ल का खुलासा, आरोपी निकला नाबालिग
Money demanded to redeem a pawned mobile; elderly woman killed for ₹500; 'blind murder' case solved after six days; accused turns out to be a minor.
मुंगेली/पथरिया : मुंगेली जिले के पथरिया थाना क्षेत्र के ग्राम उमरिया में बुजुर्ग महिला की गला रेतकर हत्या के मामले का पुलिस ने 6 दिन के भीतर खुलासा करने का दावा किया है. पुलिस के अनुसार वारदात को गांव के ही एक नाबालिग बालक ने अंजाम दिया था. प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह महज 500 रुपए को लेकर हुआ विवाद बताया गया है. पुलिस ने नाबालिग बालक को हिरासत में लेकर किशोर न्याय बोर्ड मुंगेली के सामने पेश किया। जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया.
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम अमोरा निवासी दिव्या भारती ने चौकी साकेत में रिपोर्ट दर्ज कराई कि ग्राम उमरिया में रहने वाली उनकी मौसी सोनकलिया बाई डहरिया की 26 और 27 सितंबर 2026 की दरम्यानी रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने गला रेतकर हत्या कर दी है.
खबर मिलने के बाद चौकी साकेत और थाना पथरिया की पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के साथ मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई की. प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का पाए जाने पर 28 सितंबर को थाना पथरिया में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 242/2026 दर्ज किया गया. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
पुलिस टीम ने मृतका के परिजनों और आसपास रहने वाले लोगों से दितल पूछताछ की. इसके साथ घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया गया. फॉरेंसिक और तकनीकी सबूतों की जांच के साथ मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया. इसी दौरान पुलिस को खबर मिली कि वारदात में गांव के ही एक नाबालिग बालक की भूमिका हो सकती है.
इसके बाद बालक को उसके पिता या संरक्षक के साथ गांव के पंचायत भवन के पास बुलाया गया. गवाहों की मौजूदगी में पूछताछ की गई. पूछताछ के दौरान सामने आई जानकारी के आधार पर पुलिस ने वारदात की कड़ियां जोड़ने का दावा किया है.
बालक ने बताया कि उसने अपना गिरवी रखा मोबाइल फोन छुड़ाने के लिए सोनकलिया बाई से 500 रुपए मांगे थे. मृतका को वह पारिवारिक दादी मानता था.महिला ने पैसे देने से इंकार किया तो बालक नाराज हो गया और इसी दौरान उसने हंसिया से उनके गले पर हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने से सोनकलिया बाई की मौत हो गई.
पुलिस ने बालक की निशानदेही पर वारदात के समय पहने गए कपड़े भी बरामद करने की जानकारी दी है. उसके घर से टी-शर्ट और जींस पैंट जब्त की गई है. जांच में पुख्ता सबूत मिलने के बाद 3 अक्टूबर को निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत सामाजिक पृष्ठभूमि रिपोर्ट तैयार की गई और बालक को हिरासत में लिया गया. इसके बाद नाबालिग बालक को किशोर न्याय बोर्ड मुंगेली के सामने पेश किया गया. आगे की प्रक्रिया के तहत उसे बाल संप्रेक्षण गृह में दाखिल कराया गया है.
चूंकि मामला नाबालिग से संबंधित है. इसलिए उसकी पहचान उजागर नहीं की गई है. छह दिन तक चली जांच में परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ के साथ फॉरेंसिक, तकनीकी सबूत और मुखबिर से मिली जानकारी अहम रही. इन्हीं आधारों पर पुलिस संदिग्ध तक पहुंची और मामले का खुलासा किया.
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पथरिया निरीक्षक पवन देवांगन, साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक सत्येन्द्र पुरी गोस्वामी, सहायक उप निरीक्षक रोशन टण्डन सहित थाना पथरिया, चौकी साकेत और साइबर सेल के पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही. फिलहाल पुलिस ने हत्या के मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी रखी है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



