नाखूनों में मिले DNA ने खोला महिला की हत्या का राज, दो साल बाद खदान में डकैती का मास्टरमाइंड समेत तीन आरोपी गिरफ्तार होकर पहुंचे जेल

DNA found under fingernails cracked the case of a woman's murder; two years later, three accused—including the mastermind of a mine robbery—were arrested and jailed.

नाखूनों में मिले DNA ने खोला महिला की हत्या का राज, दो साल बाद खदान में डकैती का मास्टरमाइंड समेत तीन आरोपी गिरफ्तार होकर पहुंचे जेल

रायपुर : राजधानी में करीब दो साल पहले हुई महिला की हत्या की गुत्थी सुलझाने में नॉर्थ जोन पुलिस को कामयाबी मिली है. मृतका के नाखूनों में मिले जैविक सबूत और DNA प्रोफाइलिंग के जरिए पुलिस तीन आरोपियों तक पहुंची. वैज्ञानिक मिलान में संदिग्धों के DNA का मृतका के नाखूनों से मिले Biological Traces से मैच सामने आने के बाद तीनों से पूछताछ की गई. इसके बाद पुलिस ने मनहरण सारंग, राजेश पाल उर्फ चोटी उर्फ राजू और राजू मंडल उर्फ बंगाली को गिरफ्तार किया है. यह मामला थाना खमतराई क्षेत्र का है.
खदान में डकैती का मास्टरमाइंड गिरफ्तार
 मिली जानकारी के मुताबिक 21 अगस्त 2024 को ट्रांसपोर्ट नगर, 6 नंबर पार्किंग के पास रहने वाली लता साहू उम्र 40 साल की हत्या हुई थी. घटना के समय आरोपी अज्ञात थे. पुलिस ने जांच के दौरान मृतका के हाथों के नाखूनों में मिले अज्ञात व्यक्तियों के Biological Traces को सुरक्षित कर DNA प्रोफाइलिंग कराई थी. करीब दो साल तक यह वैज्ञानिक सबूत सुरक्षित रखा गया. वर्ष 2026 में जांच के दौरान कुछ संदिग्धों के बारे में पुलिस को अहम जानकारी मिली. इसके बाद संदिग्ध व्यक्तियों के DNA सैंपल लिए गए और उनका मिलान घटना के समय सुरक्षित किए गए DNA प्रोफाइल से कराया गया. पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपियों का DNA मृतका के नाखूनों से मिले जैविक सबूत से मैच हुआ.
वैज्ञानिक सबूत सामने आने के बाद पुलिस ने तीनों संदिग्धों से पूछताछ की. पुलिस के मुताबिक शुरुआत में आरोपी अलग-अलग बातें बताते हुए घटना के बारे में साफ जानकारी देने से बचते रहे. DNA समेत दुसरे सबूतों के आधार पर लगातार पूछताछ करने पर घटना से जुड़े अहम तथ्य सामने आए.
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि 21 अगस्त 2024 को तीनों लता साहू के घर पर शराब पी रहे थे. शराब खत्म होने के बाद दोबारा शराब मांगने को लेकर विवाद शुरू हो गया. विवाद बढ़ने के बाद झूमाझटकी हुई.
आरोपियों से हुई पूछताछ में सामने आया कि राजू मंडल ने लता साहू का गला दबाया. जबकि मनहरण सारंग ने उसके दोनों हाथ और राजेश पाल उर्फ चोटी ने दोनों पैर पकड़ लिए थे. संघर्ष के दौरान लता ने खुद को बचाने के लिए आरोपियों को नोचने का प्रयास किया था. इसी दौरान उसके नाखूनों में आरोपियों के जैविक अंश आ गए थे. जो करीब दो साल बाद आरोपियों की पहचान में अहम सबूत बने.
पुलिस का कहना है कि महिला की मौत के बाद आरोपी घर में रखी नकदी, साड़ी और पायल लेकर पीछे की दीवार से निकलकर फरार हो गए थे. नकदी को आपस में बांटने और साड़ी और पायल मनहरण सारंग द्वारा अपने पास रखने की जानकारी भी पूछताछ में सामने आई है. पुलिस घटना से संबंधित वस्तुओं और अन्य मिले सबूतों को लेकर वैधानिक कार्रवाई कर रही है.
गिरफ्तार आरोपियों में 33 वर्षीय मनहरण सारंग निवासी प्रेमनगर रावांभाठा, 31 वर्षीय राजेश पाल उर्फ चोटी उर्फ राजू निवासी नवागांव जिला मुंगेली और 35 वर्षीय राजू मंडल उर्फ बंगाली शामिल हैं. राजू मंडल वर्तमान में रावणभाठा थाना खमतराई क्षेत्र में रहता था. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक राजू मंडल के खिलाफ पहले दो चोरी और एक हत्या का मामला दर्ज है. वहीं मनहरण सारंग के खिलाफ मारपीट कर गंभीर चोट पहुंचाने और अवैध वसूली का जुर्म दर्ज होने की जानकारी सामने आई है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb