5 दोस्तों ने चेतावनी के बाद भी स्टॉपर तोड़कर घुसाई कार, रात में थाना प्रभारी ने जान जोखिम में डालकर किया रेस्क्यू, भखारा में दो लोगों ने कूदकर बचाई जान

Five friends drove their car past the barrier—despite warnings—and entered the area; the Station House Officer risked his life to rescue them at night, while two people in Bhakhara saved themselves by jumping out.

5 दोस्तों ने चेतावनी के बाद भी स्टॉपर तोड़कर घुसाई कार, रात में थाना प्रभारी ने जान जोखिम में डालकर किया रेस्क्यू, भखारा में दो लोगों ने कूदकर बचाई जान

तेज बहाव में बही कार, दो लोगों ने कूदकर बचाई जान
धमतरी/भखारा : धमतरी जिले में पिछले दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. लगातार बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं और कई जगह पर पुल-पुलियों व सड़कों के ऊपर से पानी बह रहा है. इसी बीच भखारा क्षेत्र में जोरातराई-सिंगदेही पुल के पास एक कार पानी के तेज बहाव में बह गई। हालांकि कार सवार दो लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली. जिससे बड़ा हादसा टल गया.
मिली जानकारी के मुताबिक रायपुर जिले के ग्राम सलोनी निवासी मदन पाल अपने एक दोस्त के साथ कार से अपने रिश्तेदार के घर जोरातराई आया था. शनिवार को दोनों कार से वापस अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान जोरातराई-सिंगदेही पुल के पास सड़क के ऊपर से तेज बहाव में पानी बह रहा था. पानी की स्थिति का अंदाजा नहीं होने पर कार चालक ने वाहन को पार करने का प्रयास किया. इसी दौरान तेज बहाव की चपेट में आकर कार सड़क से बहते हुए आगे खिसकने लगी.
हालात बिगड़ते देख कार सवार दोनों लोगों ने फौरन वाहन से बाहर निकलकर सुरक्षित जगह की तरफ़ पहुंचकर अपनी जान बचाई. चश्मदीदों के मुताबिक पानी का बहाव काफी तेज था. ऐसे में कुछ देर और वाहन में फंसे रहने पर गंभीर हादसा हो सकता था.
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद कार को तेज बहाव वाले पानी से बाहर निकाला. बारिश की वजह से इलाके में नदी-नालों और पुल-पुलियों पर जलस्तर बढ़ने से आवागमन भी प्रभावित हो रहा है. स्थानीय लोगों ने जलभराव वाले मार्गों पर सावधानी बरतने और तेज बहाव के बीच पुल पार नहीं करने की अपील की है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?
कान्हा जा रहे 5 दोस्तों की कार उफनती नदी में बही, पुलिस की चेतावनी के बाद भी स्टॉपर तोड़कर घुसाई कार, थाना प्रभारी ने जान जोखिम में डालकर किया रेस्क्यू
रायपुर : छत्तीसगढ़ में हो रही मूसलाधार बारिश के बीच खैरागढ़-छुईखदान-गंडाई जिले से एक हैरान कर देने वाला और रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है. रायपुर और दुर्ग से कान्हा किसली नेशनल पार्क घूमने निकले पांच दोस्तों की कार उफनते नाले के तेज बहाव में बह गई. गनीमत यह रही कि समय रहते गंडई थाना पुलिस और आपातकालीन सेवा डायल-112 की टीम मौके पर पहुंच गई. जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और सभी युवकों की जान बच गई.
उफनते पुल पर फंसी गाड़ी, पेड़ बना सहारा
25 सितंबर को लगातार बारिश की वजह से जिले के नदी-नाले उफान पर हैं. बाढ़ की आशंका को देखते हुए दनिया पुल पर पुलिस बल तैनात किया गया था. 26 सितंबर की रात करीब 2.30 बजे रायपुर की तरफ से स्विफ्ट डिजायर कार नंबर CG 04 PV 5636 पुल पर पहुंची.
पुलिस जवानों ने कार ड्राइवर को आगे नहीं जाने की चेतावनी दी.. इसके बाद भी ड्राइवर ने गाड़ी आगे बढ़ाई और पुल पर लगे स्टॉपर को टक्कर मार दी. कार जैसे ही पुल के बाढ़ वाले हिस्से में पहुंची. तेज बहाव ने उसे चपेट में ले लिया. कुछ ही देर में कार बहकर नदी के बीच में जा फंसी.  कार में सवार युवाओं ने सूझबूझ दिखाई और खिड़की-दरवाजों से बाहर निकलकर पास मौजूद एक पेड़ की डालियों को पकड़ लिया. तेज धार में कार बहने लगी.
थाना प्रभारी का जांबाज रेस्क्यू
खतरे के बीच फंसे युवाओं ने फौरन डायल 112 पर खबर दी. खबर मिलते ही गंडई थाना प्रभारी शिव शंकर गेदले अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. अंधेरे और उफनती नदी की परवाह किए बिना पुलिस टीम ने फौरन रेस्क्यू ऑपरेशन शुरूकिया और कड़ी मशक्कत के बाद पेड़ पर अटके सभी पांचों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
कान्हा किसली घूमने जा रहे थे पांचों दोस्त
पुलिस पूछताछ में पता चला कि सभी पांचों कान्हा किसली घूमने जा रहे थे. कार कुबेर साहू चला रहे थे. बचाए गए लोगों में कमलेश साहू 25 साल, कुबेर साहू 25 साल और निहाल सक्सेना 21 साल, तीनों गुढ़ियारी, रायपुर के रहने वाले हैं. वहीं महक कौर 21 साल कैंप-2, पावर हाउस भिलाई और प्रीति रात्रे 20 साल कैंप-1, रामनगर भिलाई की रहने वाली हैं. पुलिस की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया.
प्रशासन की अपील
इलाके में रुक-रुक कर हो रही तेज बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं. पुलिस और जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि जलभराव या उफान वाले पुल-पुलियाओं को पार करने का जोखिम न उठाएं और यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतें.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?