एम्बुलेंस और तेज रफ्तार ट्रक में जोरदार टक्कर, UP से मरीज लेकर रायपुर आ रहे ड्राइवर की मौत, 2 डॉक्टर समेत 6 घायल

Ambulance collides with high speed truck, driver coming to Raipur with patient from UP dies, 6 injured including 2 doctors

एम्बुलेंस और तेज रफ्तार ट्रक में जोरदार टक्कर, UP से मरीज लेकर रायपुर आ रहे ड्राइवर की मौत, 2 डॉक्टर समेत 6 घायल

मुंगेली : छत्तीसगढ़ के मुंगेली-पंडरिया मार्ग पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. शीतलकुंडा के पास रायपुर की तरफ जा रही एम्बुलेंस की आमने-सामने से एक ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई. हादसा इतना जबरदस्त था कि एम्बुलेंस चालक अब्दुल जब्बार खान (निवासी प्रतापगढ़, उत्तरप्रदेश) की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि एम्बुलेंस में सवार दो डॉक्टरों, मरीज और उसके परिजनों समेत छह लोग गंभीर रुप से घायल हो गए.
मिली जानकारी के मुताबिक एम्बुलेंस प्रयागराज से एक मरीज को लेकर रायपुर जा रही थी. शीतलकुंडा मोड़ के पास अचानक सामने से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी. स्थानीय लोगों के मुताबिक सड़क पर तेज रफ्तार और ओवरटेकिंग इस हादसे की असल वजह रही.
हादसे की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को फौरन मुंगेली जिला अस्पताल भिजवाया गया. जहां उनका इलाज जारी है. दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से हटवाया गया और यातायात बहाल किया गया.
पुलिस ने मृतक चालक के परिजनों को खबर दे दी है. वहीं घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी जरुरी इंतजाम किए जा रहे हैं. मामले की विस्तृत जांच जारी है.

ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB