अंबेडकर प्रतिमा से छेड़छाड़, गले में फंदा और सिर पर पॉलीथिन, लोगों में गुस्सा, शहर की कई प्रतिमाओं को निशाना बनाने वाली महिला की तलाश

Ambedkar statue tampered with—noose around neck and polythene bag over head—sparking public outrage; search underway for the woman responsible for targeting multiple statues in the city.

अंबेडकर प्रतिमा से छेड़छाड़, गले में फंदा और सिर पर पॉलीथिन, लोगों में गुस्सा, शहर की कई प्रतिमाओं को निशाना बनाने वाली महिला की तलाश

बिलासपुर : छत्तीसगढ़ में बिलासपुर के अंबेडकर चौक पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है. प्रतिमा के गले में कपड़े का फंदा और सिर पर पॉलीथिन बंधी मिली. इसके अलावा प्रतिमा के पास ताश के पत्ते और सिगरेट के पैकेट भी लटकाए गए थे. सुबह लोगों की नजर इस पर पड़ी तो मौके पर भीड़ जमा हो गई. घटना की जानकारी फैलते ही लोगों में नाराजगी देखने को मिली
4 सितंबर 2026 की सुबह मामले की जानकारी मिलने के बाद बहुजन समाज से जुड़े लोग मौके पर पहुंचे. लोगों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा के साथ इस तरह की हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी. लोगों ने पुलिस से मामले की जल्द जांच करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की. उनका कहना है कि ऐसी घटना से लोगों की भावनाएं आहत हो सकती हैं और शहर का माहौल खराब हो सकता है.
घटना की खबर मिलने पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने जीडीसी कॉलेज के सामने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा और आसपास के इलाके का जायजा लिया. अधिकारियों ने वहां मौजूद लोगों से भी जानकारी ली. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ कब हुई और इसमें कौन लोग शामिल हैं. मामले की जांच के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी जा रही है.
पुलिस की शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला कि शहर में घूमने वाली एक मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला द्वारा अलग-अलग स्थानों पर लगी प्रतिमाओं के साथ इसी तरह की छेड़छाड़ किए जाने की बात सामने आई है. इसके बाद पुलिस ने महिला की तलाश तेज कर दी है. पुलिस का कहना है कि महिला के मिलने के बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. इसके साथ ही उसकी दिमागी हालत को देखते हुए उसे इलाज के लिए सेंदरी स्थित मानसिक चिकित्सालय में भर्ती कराया जाएगा.
पुलिस की टीम महिला की तलाश के साथ-साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है. फिलहाल अंबेडकर प्रतिमा से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है. महिला के पकड़े जाने के बाद यह भी स्पष्ट हो सकेगा कि शहर की अन्य प्रतिमाओं के साथ हुई छेड़छाड़ की घटनाओं में उसकी क्या भूमिका रही है. पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति साफ होगी. फिलहाल पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?