पड़ोसी ने कुल्हाड़ी लेकर शिक्षक के घर पर किया हमला, खिड़की के कांच तोड़े, जान से मारने की धमकी; सीसीटीवी में वारदात रिकार्ड, FIR दर्ज

A neighbor attacked a teacher's home with an axe, breaking window panes, and threatening to kill him; CCTV captured the incident, and an FIR was filed.

पड़ोसी ने कुल्हाड़ी लेकर शिक्षक के घर पर किया हमला, खिड़की के कांच तोड़े, जान से मारने की धमकी; सीसीटीवी में वारदात रिकार्ड, FIR दर्ज

बालोद : छत्तीसगढ़ के बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम टेकापार में मंगलवार शाम एक शिक्षक के घर पर पड़ोसी द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया. घटना करीब 6.30 बजे हुई. पूरे घटनाक्रम का वीडियो घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है. जिससे पुलिस को आरोपी की पहचान और कार्रवाई में आसानी हुई.
पूर्व माध्यमिक शाला नेवारीकला के शिक्षक हरीश कुमार बर्मन ने बताया कि उनके पड़ोसी रोहन जोशी उनके घर आए और अश्लील गालियां देने लगे. जब शिक्षक ने मना किया तो आरोपी अपने घर से कुल्हाड़ी लेकर वापस आया और जान से मारने की धमकी देते हुए घर पर तोड़फोड़ करने लगा.
हरीश कुमार ने बताया कि आरोपी ने उनके घर की खिड़की में लगे कांच पर कुल्हाड़ी से हमला किया और तोड़फोड़ की. अगर दरवाजा बंद न होता तो वह शिक्षक और उनके परिवार पर कुल्हाड़ी से हमला कर देता. इस दौरान शिक्षक और उनके परिवार के अन्य सदस्य काफी डर गए.
स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना के दौरान उन्होंने फौरन पुलिस को खबर दी. जिसके बाद बालोद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. आरोपी पुलिस की उपस्थिति देख मौके से भाग गया. पुलिस ने फौरन कार्रवाई करते हुए मामले का दर्ज कर लिया है.
बालोद पुलिस ने बताया कि आरोपी रोहन जोशी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 296 (सुसाइड या अपराध के लिए उकसाना), 324(2) (हानि पहुंचाने के लिए हथियार का प्रयोग) और 351(3) (धमकी देने और हमला करने) के तहत जुर्म दर्ज किया गया है. पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार प्रयास कर रही है और जल्द गिरफ्तारी की संभावना है.
घटना के वीडियो में देखा जा सकता है कि आरोपी अपने गुस्से में कुल्हाड़ी लिए घर की खिड़की पर हमला कर रहा था. जबकि शिक्षक और उनके परिवार के सदस्य दरवाजे के पीछे सुरक्षित स्थिति में खड़े थे. इस वीडियो के आधार पर पुलिस ने प्रारंभिक जांच में आरोपी की पूरी गतिविधियों को ट्रेस किया है.
शिक्षक हरीश कुमार ने बताया कि यह घटना उनके लिए और उनके परिवार के लिए बेहद डरावनी और मानसिक रुप से तनावपूर्ण रही. उन्होंने स्थानीय प्रशासन से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है.
पुलिस ने बताया कि आरोपी पर शिकंजा कसने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज और पड़ोसियों से पूछताछ की जा रही है. इस घटना ने ग्रामवासियों में भी चिंता बढ़ा दी है. लोगों ने कहा कि ऐसे हिंसक व्यवहार को रोकने के लिए प्रशासन को और सतर्क रहना चाहिए.
पुलिस ने सभी नागरिकों से अपील किया कि किसी भी आपात स्थिति में फौरन खबर दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके. बालोद पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा. मामले में आगे की जांच जारी है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t