जमीन विवाद में भाइयों के बीच खूनी संघर्ष, बंटवारे को लेकर विवाद, लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी से हमला, छह लोग घायल, काउंटर केस दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
A bloody land dispute between brothers, including a dispute over division of land, led to an attack with sticks and axes, injuring six people, and a counter-case filed. Police are investigating.
बिलासपुर : बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र अंतर्गत गतौरा गांव में पैतृक जमीन के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच हुए विवाद में कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. जिन्हें इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया.
मिली जानकारी के मुताबिक शिवकुमार राठौर, सुरेश कुमार राठौर और रामकिशोर राठौर सगे भाई हैं. और उनके बीच लंबे समय से पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था. जमीन विवाद कई बार आपसी बातचीत के बावजूद सुलझ नहीं सका था.
घटना सोमवार की बताई जा रही है. जब शिवकुमार राठौर अपने दोनों बेटे आशीष और अभिषेक के साथ खेत की तरफ गए थे. उसी समय खेत में सुरेश कुमार राठौर और रामकिशोर राठौर अपनी-अपनी पत्नी के साथ मौजूद थे.
इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद फिर से भड़क उठा. शुरुआत में कहासुनी और गाली-गलौज हुई, जो धीरे-धीरे बढ़ते हुए हिंसक झड़प में बदल गई. आरोप है कि दोनों पक्षों ने खेत में मौजूद कुल्हाड़ी, लोहे की रॉड, फावड़ा और लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला कर दिया.
अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीणों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया और किसी तरह हालात को कंट्रोल किया. तब तक दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो चुके थे. घायलों को अस्पताल ले जाया गया. जहां उनका इलाज जारी है. वारदात में दोनों पक्षों के कुल छह लोग घायल हुए हैं. जिनमें कई को गंभीर चोटें आई हैं. वारदात के बाद पूरे गतौरा गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और लोग दहशत में हैं. खबर मिलने पर मस्तूरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया. पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है. अधिकारियों ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



