भारत माला हाइवे में दर्दनाक सड़क हादसा, तीन बार पलटी कार, शादी में शामिल होने जा रहे 2 युवकों की मौके पर की मौत, दो गंभीर, पसरा मातम
Tragic road accident on Bharatmala Highway: Car overturns three times, two young men on their way to attend a wedding die on the spot, two seriously injured, mourning spreads.
बिलासपुर/मस्तूरी : बिलासपुर जिला में मस्तूरी क्षेत्र के लिए गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवा कांग्रेस नेता राहुल राय सहित दो युवाओं की मौके पर ही मौत हो गई. इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. वहीं मस्तूरी कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष समेत दो अन्य लोग गंभीर रुप से घायल हुए हैं. जिनका इलाज बिलासपुर के प्राइवेट अस्पताल में जारी है.
मिली जानकारी के मुताबिक मस्तूरी निवासी एनएसयूआई के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक और वर्तमान युवा कांग्रेस नेता राहुल राय अपने साथियों के साथ बालको में एक परिचित की शादी में शामिल होने जा रहे थे. कार नम्बर CG10 BFफ 9922 में उनके साथ शिवम ऑटोमोबाइल एजेंसी के संचालक ढालू अग्रवाल, मस्तूरी कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष भोला राम साहू और राहुल सवार थे. सभी लोग इससे पहले बिलासपुर के छाबड़ा पैलेस में एक विवाह समारोह में शामिल होकर बालको के लिए रवाना हुए थे.
रात लगभग साढ़े नौ बजे उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत निर्माणाधीन भारतमाला सड़क पर उनकी कार रास्ता भटकने की वजह से खाईनुमा लेन में उतर गई. अचानक कार अनियंत्रित हो गई और तीन बार पलटते हुए गहरी खाई में जा गिरी. हादसा इतना भीषण था कि राहुल राय और ढालू अग्रवाल को सिर व सीने में गंभीर चोटें आईं, जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
वहीं भोला राम साहू और राहुल गंभीर रुप से घायल हो गए. पीछे से आ रहे साथियों ने घायलों को बिलासपुर स्थित अपोलो अस्पताल पहुंचाया. जहां उनका इलाज जारी है. मृतकों के शव केजीएन अस्पताल में रखे गए हैं. हादसे की खबर मिलते ही उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच कर रही है.
हादसे के बाद राजनीतिक, सामाजिक और व्यापारिक जगत में शोक व्याप्त है. राहुल राय को एक सक्रिय युवा नेता और मिलनसार व्यक्तित्व के रुप में याद किया जा रहा है. क्षेत्र के लोगों ने इस असामयिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



