सेप्टिक लाइन जाम होने की शिकायत पर पहुंचे सफाईकर्मी, पाइप खोलते ही निकला पॉलीथिन में लिपटा इंसानी सिर, इलाके में दहशत का माहौल

Sanitation workers arrived to address a complaint about a clogged septic line; as they opened the pipe, they discovered a human head wrapped in a polythene bag, sparking panic in the area.

सेप्टिक लाइन जाम होने की शिकायत पर पहुंचे सफाईकर्मी, पाइप खोलते ही निकला पॉलीथिन में लिपटा इंसानी सिर, इलाके में दहशत का माहौल

दुर्ग : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. भिलाई स्टील प्लांट (BSP) टाउनशिप क्षेत्र में सेप्टिक लाइन की सफाई के दौरान पाइप के अंदर पॉलीथिन में लिपटा इंसानी सिर मिलने से सनसनी फैल गई. सफाईकर्मी जाम पाइप को खोलने पहुंचे थे. लेकिन सफाई के दौरान उन्हें एक संदिग्ध पैकेट मिला. जब पैकेट को बाहर निकालकर खोला गया. तो उसमें इंसानी सिर देखकर कर्मचारी हैरान रह गए. मामले की खबर मिलते ही भिलाई नगर पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने सिर को कब्जे में लेकर जांच शुरु कर दी है. प्रारंभिक तौर पर हत्या की आशंका जताई जा रही है. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
भिलाई निवास होटल के पीछे नर्सरी क्षेत्र में मिला इंसानी सिर
मिली जानकारी के मुताबिक यह मामला भिलाई नगर थाना क्षेत्र के भिलाई निवास होटल के पीछे स्थित नर्सरी इलाके का है. यहां सेप्टिक लाइन जाम होने की शिकायत के बाद ठेका श्रमिकों को सफाई के लिए बुलाया गया था. सफाईकर्मी जब पाइप खोलने का काम कर रहे थे. तभी उन्हें भीतर पॉलीथिन में लिपटा एक संदिग्ध पैकेट दिखाई दिया. पैकेट पाइप के अंदर फंसा हुआ था. जिसे बाहर निकालने में कर्मचारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी. शुरुआत में सफाईकर्मियों को लगा कि पॉलीथिन के अंदर किसी जानवर का सिर हो सकता है. लेकिन पैकेट खोलने पर उसमें इंसानी सिर मिला.
डिकम्पोज हालत में मिला सिर, इलाके में सनसनी
बताया जा रहा है कि पॉलीथिन में मिला इंसानी सिर सड़ी-गली हालत में था. इसे देखकर सफाईकर्मी घबरा गए और तत्काल संबंधित अधिकारियों और पुलिस को खबर दी. मामले की जानकारी फैलते ही आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया. मौके पर मौजूद लोगों के बीच इस बात को लेकर चर्चा शुरू हो गई कि इंसानी सिर सेप्टिक पाइप तक कैसे पहुंचा. सिर की हालत को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि घटना कुछ समय पहले की हो सकती है. हालांकि मौत के समय और हालात का निर्धारण फॉरेंसिक जांच के बाद ही संभव होगा.
एएसपी शोभराज अग्रवाल पहुंचे घटनास्थल
मामले की खबर मिलने के बाद एएसपी दुर्ग शोभराज अग्रवाल समेत भिलाई नगर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने मौके का मुआयना कर जरुरी सबूत जुटाने की प्रक्रिया शुरू की. इसके बाद इंसानी सिर को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की गई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. एएसपी शोभराज अग्रवाल के मुताबिक फिलहाल मामले की जांच की जा रही है. पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर घटना की असल हालात का पता लगाने में जुटी है.
हत्या के बाद सिर फेंकने की आशंका
मामले में प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि किसी व्यक्ति की हत्या करने के बाद सिर को पॉलीथिन में लपेटकर पाइप के भीतर फेंका गया होगा. हालांकि पुलिस ने अभी तक हत्या होने की पुष्टि नहीं की है. यह भी साफ नहीं है कि सिर को पाइप में कब और किसने डाला था. जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इंसानी सिर किसी पुरुष या महिला का है और उसकी पहचान क्या है. पुलिस के सामने मृत व्यक्ति की पहचान करना सबसे अहम चुनौती है.
आसपास के थानों की गुमशुदगी रिपोर्ट खंगाल रही पुलिस
घटना की जांच के लिए पुलिस आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चला रही है. इसके साथ ही दुर्ग और आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की शिकायतों की जानकारी भी जुटाई जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हाल के दिनों में किसी व्यक्ति के लापता होने की सूचना दर्ज हुई है या नहीं. इसके अलावा मृतक के शरीर के शेष हिस्से की तलाश भी की जा रही है. आसपास के संभावित स्थानों की जांच की जा रही है, ताकि मामले से जुड़े अन्य सबूत मिल सकें.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुल सकता है रहस्य
पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच से मृत व्यक्ति की पहचान और मौत के हालात के बारे में अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है. फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है कि सिर किस व्यक्ति का है. मौत कैसे हुई और उसे सेप्टिक पाइप में किस मकसद से रखा गया था. भिलाई नगर पुलिस मामले की जांच कर रही है. जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही घटना की असल वजह साफ हो सकेगी.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb