लैब में ब्लड सैंपल के साथ ‘रीलबाजी’ : जिला अस्पताल की अटल आरोग्य लैब में रील बनाना पड़ा बड़ा महंगा, 3 महिला टेक्नीशियन को किया बर्खास्त
'Reel-making' with blood samples in the lab: Creating a social media reel at the District Hospital's Atal Arogya Lab proved costly; three female technicians were dismissed.
दुर्ग : जिला अस्पताल की अटल आरोग्य लैब में ड्यूटी के दौरान ब्लड सैंपल और लैब उपकरणों के साथ रील बनाना तीन महिला टेक्नीशियनों को भारी पड़ गया. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामले में कार्रवाई करते हुए तीनों महिला कर्मियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है. यह कार्रवाई एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड की तरफ से की गई है
मिली जानकारी के मुताबिक तीनों महिला टेक्नीशियनों ने 24 अगस्त को लैब के अंदर अलग-अलग अंदाज में वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था. वीडियो वायरल होने के बाद मामला जिला अस्पताल प्रबंधन के संज्ञान में आया. वायरल वीडियो में एक महिला टेक्नीशियन हाथ में टेस्ट ट्यूब लेकर कैटवॉक करती नजर आई. जबकि दूसरे वीडियो में कर्मचारी लैब की कुर्सी पर बैठकर मस्ती करती दिखाई दीं.
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज ने अटल आरोग्य लैब के प्रभारी डॉ. जेपी मेश्राम को नोटिस जारी कर जवाब मांगा. नोटिस में पूछा गया कि ड्यूटी के दौरान लैब के अंदर वीडियो कैसे बनाया गया और उस समय कर्मचारियों की जिम्मेदारी क्या थी.
जवाब और शुरुआती जांच के बाद लैब प्रभारी ने संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड को पत्र लिखा. इसके बाद कंपनी ने तीनों महिला टेक्नीशियनों को सेवा से हटा दिया.
ड्यूटी के दौरान वीडियो बनाने पर कार्रवाई
सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज ने बताया कि वीडियो सामने आने के बाद लैब प्रभारी को नोटिस जारी किया गया था. लैब प्रभारी की तरफ से संबंधित स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई के लिए एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड को पत्र भेजा गया. इसके बाद कंपनी ने तीनों कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया. अस्पताल प्रबंधन अब यह भी देख रहा है कि जिस समय वीडियो बनाया गया. उस दौरान लैब की नियमित जांच व्यवस्था और मरीजों की सेवाओं पर किसी तरह का प्रभाव तो नहीं पड़ा था.
निशुल्क स्वास्थ्य जांच के लिए संचालित है अटल आरोग्य लैब
छत्तीसगढ़ सरकार ने एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड की मदद से अटल आरोग्य लैब योजना शुरू की है. इसके तहत लोगों को आधुनिक सुविधाओं के जरिए उन्नत और निशुल्क स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराने का मकसद है. ऐसे में लैब के भीतर ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों द्वारा रील बनाए जाने को अस्पताल प्रबंधन ने गंभीरता से लिया है.
पहले HIV जांच रिपोर्ट को लेकर भी उठ चुके हैं सवाल
अटल आरोग्य लैब इससे पहले जांच रिपोर्ट को लेकर भी विवादों में रही थी. जिला अस्पताल में भर्ती 24 वर्षीय युवक की HIV जांच रिपोर्ट पहले पॉजिटिव आई थी. युवक ने रिपोर्ट पर सवाल उठाए तो दोबारा जांच कराई गई, जिसमें रिपोर्ट निगेटिव मिली.
मामला सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने लैब से स्पष्टीकरण मांगा था. साथ ही जांच में इस्तेमाल होने वाली मशीनों की जांच और उनका उचित तरीके से कैलिब्रेशन कराने के निर्देश दिए गए थे. अब लैब में रील बनाने के मामले में तीन कर्मचारियों की बर्खास्तगी के बाद एक बार फिर अटल आरोग्य लैब की कार्यप्रणाली चर्चा में है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



