पिकअप से मवेशियों को कत्लखाने ले जा रहे पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल, 9 मवेशी बरामद, वाहन जब्त
Police arrested five accused who were taking cattle to the slaughterhouse in a pickup and sent them to jail, 9 cattle recovered, vehicle confiscated
बलौदाबाजार : बलौदाबाजार जिले में मवेशियों की तस्करी को लेकर चल रही अवैध गतिविधियों पर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. ये आरोपी पिकअप वाहन के जरिए मवेशियों को कत्लखाने ले जा रहे थे. पुलिस की सतर्कता और तत्परता से यह कार्रवाई ग्राम खैंदा के नाला पुल के पास की गई. जहां घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा गया. इस कार्रवाई में बोलेरो पिकअप वाहन समेत 9 नग मवेशियों को भी जब्त किया गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक बलौदाबाजार पुलिस को मुखबिर से खबर मिली कि कुछ संदिग्ध लोग मवेशियों को अवैध तरीके से कत्लखाने ले जाने की तैयारी में हैं. सूचना और पुलिस अधीक्षक बलौदाबाजार के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने सक्रियता दिखाते हुए ग्राम खैंदा के पास नाला पुल पर घेराबंदी की और संदिग्ध पिकअप वाहन को रोका.
पुलिस द्वारा रोके गए बोलेरो पिकअप वाहन की जांच करने पर उसमें 9 मवेशी मिले. प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे इन मवेशियों को काटने के लिए कत्लखाने ले जा रहे थे. पुलिस ने वाहन में मौजूद पांच लोगों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया. इन सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और इनके आपराधिक रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं. पुलिस को शक है कि यह कोई संगठित गिरोह हो सकता है जो लंबे समय से इस प्रकार की गतिविधियों में शामिल है.
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम, छत्तीसगढ़ गोवध प्रतिषेध अधिनियम, तथा भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. साथ ही, जब्त मवेशियों को तत्काल निकटतम गौशाला में सुरक्षित पहुंचाया गया, जहां उनकी उचित देखरेख की जा रही है. बलौदाबाजार जिले में इस तरह की यह कोई पहली घटना नहीं है. पूर्व में भी मवेशियों की अवैध तस्करी को लेकर कई शिकायतें सामने आ चुकी हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
ttps://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



